पराग्वे के पूर्व राष्ट्रपति पर जांच का शिकंजा, हाउस अरेस्ट में रहेंगे

WhatsApp Channel Join Now


असुनसियोन, 07 नवंबर (हि.स.)। पराग्वे के पूर्व राष्ट्रपति सैंटियागो पेना शनिवार को अटॉर्नी जनरल के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें अभियोजकों के सामने पेश होना था। एक दिन पहले ही संसद में महाभियोग के जरिए उन्हें पद से हटाया गया था और उन्हें नजरबंद कर दिया गया था। डिजिटल ऋणदाता यूएनो बैंक के पतन से पैदा हुए वित्तीय और राजनीतिक संकट ने उनकी सरकार को घेर लिया था।

अभियोजन पक्ष ने शुक्रवार को कहा था कि पेना के खिलाफ लगाए जाने वाले आरोपों पर अभी फैसला नहीं हुआ है। हालांकि, इसमें पद का प्रभाव इस्तेमाल करने या अनुचित लाभ पहुंचाने जैसे आरोप शामिल हो सकते हैं।

पेना को पद से हटाए जाने के बाद उपराष्ट्रपति पेड्रो एलियाना ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली। सत्तारूढ़ कोलोराडो पार्टी के वरिष्ठ नेता एलियाना अगस्त 2028 तक पेना का शेष कार्यकाल पूरा करेंगे।

पेना के महाभियोग का समर्थन करने वाले सांसदों ने उन पर हितों के टकराव, नियामकीय निगरानी को प्रभावित करने और केंद्रीय बैंक से जुड़े मामले में संस्थागत स्तर पर तथ्यों को छिपाने में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। पेना मार्च 2025 तक यूएनो की होल्डिंग कंपनी में शेयरधारक थे। हालांकि, उन्होंने किसी भी गलत काम से इनकार किया है। उनका कहना है कि बैंक की समस्याएं नियामकीय प्रक्रिया से जुड़ा मामला हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774072 Articles

Share this story