अफगानिस्तान के कुनार में पाकिस्तानी हमले में 3 की मौत, 14 घायल

WhatsApp Channel Join Now

काबुल, 04 मई (हि.स.)। अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में पाकिस्तान की ओर से किए गए ताजा हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। यह हमले कुनार के डांगम जिले में किए गए, जिनमें नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया गया।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक इन हमलों में दो स्कूल, एक क्लिनिक और दो मस्जिदें क्षतिग्रस्त हो गईं। डांगम जिले के तालिबान गवर्नर मोहम्मद उमर सादिक ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान अब सीधे सैन्य कार्रवाई करने में सक्षम नहीं है और इसलिए नागरिक ढांचे को निशाना बना रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि हमलों में करीब 80 मवेशियों की भी मौत हुई है।

अधिकारियों का दावा है कि कुनार प्रांत में हालिया घटनाओं के बाद से अब तक कई शैक्षणिक संस्थान प्रभावित हुए हैं। इससे पहले भी क्षेत्र में हुए हमलों में कई लोग हताहत हुए थे, जिससे स्थानीय आबादी में भय का माहौल बना हुआ है।

इस बीच, अफगानिस्तान का विदेश मंत्रालय ने हाल ही में काबुल स्थित पाकिस्तानी दूतावास के प्रभारी को तलब कर विरोध दर्ज कराया था। मंत्रालय ने पाकिस्तान पर अफगान हवाई क्षेत्र के उल्लंघन और नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ बताया।

अफगान सरकार ने साफ कहा है कि वह अपनी संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का अधिकार रखती है। साथ ही पाकिस्तान से ऐसी कार्रवाइयों से बचने की अपील की गई है, चेतावनी देते हुए कहा गया है कि इस तरह की घटनाओं के गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों से अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। दोनों देश एक-दूसरे पर अस्थिरता फैलाने के आरोप लगाते रहे हैं, जबकि कूटनीतिक प्रयास अब तक हालात को शांत करने में सफल नहीं हो पाए हैं।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story