पाकिस्तानः हमले में गंभीर रूप से घायल बलोच सशस्त्र संगठन के पूर्व सदस्य की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पाकिस्तानः हमले में गंभीर रूप से घायल बलोच सशस्त्र संगठन के पूर्व सदस्य की मौत


पाकिस्तानः हमले में गंभीर रूप से घायल बलोच सशस्त्र संगठन के पूर्व सदस्य की मौत


इस्लामाबाद, 12 अगस्त (हि.स.)। पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के केच जिले के बलिदा सुरप इलाके में अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में मुस्लिम जयंद समेत कम-से-कम चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में मुस्लिम जयंद ने दम तोड़ दिया। यह हमला मंगलवार देर शाम हुआ।

द बलोचिस्तान की रिपोर्ट में स्थानीय सूत्रों के हवाले से दी गई जानकारी के मुताबिक हमले के दौरान तेज धमाके के बीच गोली चलने की आवाज सुनी गई। हथियारबंद लोगों ने मुस्लिम जयंद के घर को निशाना बनाया। घर पर दूसरे लोग भी मौजूद थे। हमले में मुस्लिम जयंद और कम-से-कम तीन दूसरे लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल मुस्लिम जयंद की बाद में मौत हो गई।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मुस्लिम जयंद पहले एक बलोच सशस्त्र संगठन से जुड़ा था। बाद में उसने आत्मसमर्पण कर दिया। सूत्रों का दावा है कि इस समय वह पाकिस्तान के डेथ स्क्वाड के एक स्थानीय हथियारबंद ग्रुप को लीड कर रहा था। अभी तक किसी ने भी इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है।

एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, कराची और वीटा से दो लोगों को जबरदस्ती उठा लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, क्वेटा के जबल नूर बाईपास से 40 वर्षीय दुकानदार आसिफ अली पुत्र अहमद रजा को 1 अगस्त की शाम 4:00 बजे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने उठा लिया है। इसके अलावा खुजदार के बागबाना इलाके के 19 वर्षीय दुकानदार असलम बलोच पुत्र सिकंदर जहरी को रेंजर्स 13 जुलाई को कराची के यूसुफ गोथ बस टर्मिनल से उठा ले गए।

सूत्रों के अनुसार, आसिफ अली और असलम बलोच का तब से कुछ पता नहीं चल रहा। इस बीच, अब्दुल मजीद पुत्र हाजी गुलाम मोहम्मद को कराची के मलिर-15 से बरामद कर लिया गया है। उसे 29 जुलाई को इसी स्थान से जबरन गायब कर दिया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story