पाकिस्तान ने इजराइल और ईरान से संयम बरतने की अपील की

WhatsApp Channel Join Now

इस्लामाबाद, 08 जून (हि.स.)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने और कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ाने की अपील की है।

सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में प्रधानमंत्री शरीफ ने कहा कि हाल की घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया कि संघर्ष विराम की स्थिति कितनी संवेदनशील हो सकती है। परिस्थितियां कितनी तेजी से बिगड़ सकती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित पक्षों को जिम्मेदारी और धैर्य का परिचय देना चाहिए।

शहबाज शरीफ ने कहा कि क्षेत्र में शांति स्थापित करने के उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर बातचीत और संपर्क जारी है तथा समाधान की दिशा में प्रगति की संभावनाएं बनी हुई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि संवाद और कूटनीति के माध्यम से मौजूदा संकट का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सकता है।

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका देश अपने मित्र और साझेदार देशों के साथ मिलकर तनाव कम करने तथा विवाद के शांतिपूर्ण निपटारे के प्रयासों का समर्थन करता रहेगा। उन्होंने आगाह किया कि मौजूदा परिस्थितियों में किसी भी नई सैन्य कार्रवाई से बचना आवश्यक है, क्योंकि इससे क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story