अफ़गानिस्तान का दावा, पाकिस्तान ने कुनार व हेलमंद में किया हवाई हमला, 9 महिलाओं और बच्चों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अफ़गानिस्तान का दावा, पाकिस्तान ने कुनार व हेलमंद में किया हवाई हमला, 9 महिलाओं और बच्चों की मौत


काबुल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। अफगानिस्तान के कुनार और हेलमंद प्रांतों में पाकिस्तानी हवाई हमलों को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने दावा किया है कि हमलों में महिला व बच्चों समेत नौ नागरिकों की मौत हुई और 11 अन्य घायल हुए। वहीं, पाकिस्तान ने कहा है कि उसके हवाई हमलों में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया और शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक 22 आतंकवादी मारे गए। दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

बलूचिस्तान की ऑनलाइन समाचार नेटवर्क 'द बलूचिस्तान पोस्ट' के मुताबिक, अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार, बुधवार रात किए गए हमलों में कुनार के शुल्तान जिले के चोगम और हेलमंद के गर्मसेर जिले के सफार में तीन घरों को निशाना बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलों में महिलाओं और बच्चों की मौत हुई। मुजाहिद ने पाकिस्तानी कार्रवाई को आक्रामकता बताते हुए इसकी निंदा की।

दूसरी ओर, पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने कहा कि हवाई हमले विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर किए गए और दो स्थानों पर आतंकवादी शिविरों तथा ठिकानों को निशाना बनाया गया। मंत्रालय के अनुसार, लक्ष्यों को सटीकता से नष्ट किया गया और शुरुआती रिपोर्टों में 22 आतंकवादियों के मारे जाने की जानकारी है। पाकिस्तान ने यह भी कहा कि इन ठिकानों पर मौजूद हथियार और गोला-बारूद नष्ट किए गए तथा नागरिकों को नुकसान से बचाने के लिए सावधानी बरती गई।

संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन इन अफगानिस्तान (यूएनएमए) ने भी हवाई हमलों में नागरिकों के हताहत होने की सूचना दी है। उसके अनुसार कम से कम 10 नागरिकों की मौत हुई, जिनमें अधिकतर बच्चे थे, जबकि नौ लोग घायल हुए। संयुक्त राष्ट्र ने सीमा पार हिंसा को लेकर दोनों पक्षों से तनाव कम करने और संवाद का रास्ता अपनाने की अपील की है।

पाकिस्तान लंबे समय से अफगानिस्तान की तालिबान सरकार पर ऐसे सशस्त्र समूहों को पनाह देने का आरोप लगाता रहा है, जो पाकिस्तान में हमले करते हैं। काबुल इन आरोपों को खारिज करता है और पाकिस्तान में होने वाली आतंकवादी गतिविधियों को उसका आंतरिक मामला बताता है। दोनों देशों के बीच सीमा पार हमलों और सैन्य कार्रवाइयों को लेकर तनाव हाल के महीनों में बढ़ा है।

हालिया घटनाक्रम में अफगान रक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तान से आए एक सशस्त्र समूह के साथ नूरिस्तान में हुई झड़प को लेकर भी दावे किए थे। पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज किया है और अफगानिस्तान के पूर्व सुरक्षा कर्मियों की भर्ती या प्रशिक्षण से जुड़े आरोपों से भी इनकार किया है।

कुनार और हेलमंद में हुए ताजा हवाई हमलों के बाद दोनों देशों के बीच आरोप-प्रत्यारोप फिर तेज हो गए हैं। फिलहाल हमलों में मारे गए लोगों की संख्या और लक्ष्यों को लेकर दोनों पक्षों के दावों में स्पष्ट अंतर है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story