पाकिस्तान में ऑनलाइन ठगी के आरोप में 212 गिरफ्तार, चीन के नागरिक भी शामिल

WhatsApp Channel Join Now


इस्लामाबाद, 27 सितंबर (हि.स.)। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में कथित अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन ठगी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने तीन अवैध कॉल सेंटरों पर छापेमारी कर 212 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में पाकिस्तानी नागरिकों के साथ चीनी नागरिक भी शामिल हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनसीसीआईए) ने इस्लामाबाद के ई-11 और जी-10 सेक्टर में कार्रवाई की। अधिकारियों का कहना है कि इन कॉल सेंटरों से ऑनलाइन ठगी के लिए अलग-अलग तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इनमें टास्क फ्रॉड, रोमांस या ‘लव-डेटिंग’ के नाम पर ठगी और गूगल के प्रतिनिधि बनकर लोगों को धोखा देना शामिल था।

टास्क फ्रॉड में आमतौर पर लोगों को ऑनलाइन काम के बदले पैसे कमाने का लालच दिया जाता है। ठग वीडियो को लाइक करने, उत्पादों की रेटिंग देने या ऑनलाइन सामग्री को बढ़ावा देने जैसे छोटे काम सौंपते हैं।

एनसीसीआईए के प्रवक्ता के अनुसार, कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। इनमें 383 कंप्यूटर और सीपीयू, 306 मोबाइल फोन तथा 299 मॉनिटर और लैपटॉप शामिल हैं। हालांकि अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इनमें कितने चीन के नागरिक हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story