पाकिस्तान के पंजाब में सड़क हादसा, सात लोगों की मौत, दो घायल

WhatsApp Channel Join Now
पाकिस्तान के पंजाब में सड़क हादसा, सात लोगों की मौत, दो घायल


लाहौर, 23 नवंबर (हि.स.)। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलपुर के उच शरीफ में सोमवार तड़के पत्थरों से लदे एक ट्रक ने मिनी ट्रक को टक्कर मार दी और उसके ऊपर पलट गया। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। बहावलपुर जिला पुलिस अधिकारी राणा अब्दुल वहाब ने इसकी पुष्टि की।

डान की रिपोर्ट के अनुसार डेरा गाजी खान से खैरपुर तामेवाली जा रहे मिनी-ट्रक में 16 लोग सवार थे। कोहरे के कारण यह मिनी-ट्रक हाइवे के किनारे रुका हुआ था। पुलिस अधिकारी वहाब ने बताया, जब मिनी-ट्रक का ड्राइवर रुकी हुई गाड़ी की विंड स्क्रीन साफ कर रहा था, तभी पत्थरों से लदा ट्रक उससे टकराकर उसके ऊपर पलट गया। इससे मिनी-ट्रक के यात्री अंदर ही फंस गए। पत्थरों को हटाने के लिए एक खुदाई करने वाली मशीन का इस्तेमाल किया गया।

पुलिस और बचाव दल ने नौ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि सात लोगों की चोटों के कारण मौत हो गई। रेस्क्यू 1122 के अनुसार बचाए गए लोगों में से दो घायल हैं। वहाब ने बताया कि हादसे के बाद पत्थरों से लदे ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है और धूरकोट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।

इससे पहले इस महीने, पाकपट्टन के पास एक यात्री बस और ट्रक की टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 33 अन्य घायल हो गए थे। 21 अक्टूबर को राजनपुर जिले की रोजहान तहसील में सिंधु हाइवे पर एक यात्री बस सड़क पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी, जिसमें 10 लोगों की जान चली गई और 44 अन्य घायल हो गए थे। 19 अक्टूबर को मुल्तान के बोसान रोड पर हुए एक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781807 Articles

Share this story