पाकिस्तान का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल तेहरान पहुंचा, अमेरिका-ईरान तनाव कम करने की पहल तेज

WhatsApp Channel Join Now

तेहरान/इस्लामाबाद, 15 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान का एक उच्चस्तरीय सुरक्षा और राजनीतिक प्रतिनिधिमंडल ईरान की राजधानी तेहरान पहुंचा है। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पाकिस्तान के आर्मी चीफ सैयद असीम मुनीर कर रहे हैं।

इस दल में पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री मोहसिन नकवी समेत कई वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी शामिल हैं। दौरे का मुख्य उद्देश्य ईरानी नेतृत्व के साथ अहम वार्ता करना और अमेरिका की ओर से एक नया कूटनीतिक संदेश पहुंचाना बताया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, यह पहल अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को कम करने के प्रयासों का हिस्सा है। हाल ही में 11-12 अप्रैल को पाकिस्तान में दोनों देशों के बीच हुई बातचीत किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी थी। ऐसे में इस दौरे को संभावित दूसरे दौर की वार्ता की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

पाकिस्तान इस समय क्षेत्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण मध्यस्थ की भूमिका निभाने की कोशिश कर रहा है। इस पहल के जरिए वह अमेरिका और ईरान के बीच संवाद की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहता है, ताकि टकराव को टाला जा सके।

यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब क्षेत्र में तनाव अपने चरम पर है और मौजूदा दो सप्ताह का युद्धविराम समाप्त होने के करीब है। ऐसे में कूटनीतिक गतिविधियों में तेजी देखी जा रही है।

ईरानी अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि यह बातचीत शांति बहाली की दिशा में सकारात्मक परिणाम दे सकती है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story