पाकिस्तान के दो प्रांतों में बरसात से बाढ़ जैसे हालात, 23 लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now




इस्लामाबाद, 22 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान के दो प्रांतों में बरसात से जान-माल की भारी क्षति हुई है। पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बारिश से हालात बेकाबू हो गए हैं। बड़ी संख्या में घर ढह गए हैं। इस दौरान कम से कम 23 लोगों की जान चली गई। लगातार हो रही बारिश से घरों की दीवारों में बिजली का करंट दौड़ने लगा है। कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं।

दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा में भारी बारिश से हुई तबाही की ब्यौरा जारी किया है। प्राधिकरण के अनुसार, पंजाब और में नौ लोगों की जान चली गई, जबकि दर्जनों अन्य घायल हो गए। लाहौर के पास रायविंड के कोट बाबू खान इलाके में एक घर की छत गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। लाहौर के गुलशन रवि में बैंड रोड के पास छत गिरने से चार लोग घायल हो गए।

प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, पाकपट्टन के गांव 75-डी में एक महिला, होटा में एक युवक, गुजरात में एक व्यक्ति की मौत हो गई। गुजरात में छह और सियालकोट में घर ढहने से तीन लोग घायल हो गए। गुजरांवाला में तीन लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए। बिजली का करंट लगने की तीन अलग-अलग घटनाओं में एक व्यक्ति की जान चली गई और दो अन्य घायल हो गए।

साहीवाल में छत गिरने की घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। मंडी बहाउद्दीन में छत और दीवार गिरने की अलग-अलग घटनाओं में आठ लोग घायल हो गए, जबकि बहावलनगर में शेड गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया। पिंडी भटियां में भारी बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गई हैं। फैसलाबाद, भलवाल और झांग का निचला इलाका डूब गया है।

प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कहा कि पंजाब में 24 जुलाई तक बारिश जारी रहने की उम्मीद है। खैबर पख्तूनख्वा में प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि सूबे में कुल 14 लोगों की मौत हो गई और 19 लोग घायल हो गए। मरने वालों में छह पुरुष, छह बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं।पेशावर, नौशेरा, खैबर, मरदान, बुनेर, बाजौर, शांगला, स्वाबी, लोअर चित्राल, लोअर और अपर दिर, एबटाबाद, मानसेहरा, तोरघर, कुर्रम और उत्तरी वजीरिस्तान में नुकसान हुआ है। पूरे प्रांत में नदी और नाले उफान पर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story