पाकिस्तान के बलोचिस्तान में डिप्टी कमिश्नर समेत चार की हत्या, नुश्की में कर्फ्यू 31 जुलाई तक बढ़ाया गया

WhatsApp Channel Join Now
पाकिस्तान के बलोचिस्तान में डिप्टी कमिश्नर समेत चार की हत्या, नुश्की में कर्फ्यू 31 जुलाई तक बढ़ाया गया


इस्लामाबाद, 29 जुलाई (हि.स.)। पाकिस्तान के अशांत प्रांति बलोचिस्तान में हथियारबंद लोगों ने बरखान के डिप्टी कमिश्नर समेत चार लोगों की हत्या कर दी। मरने वालों में बाकी तीन स्क्वायड दस्ते के सदस्य बताए गए हैं। इस दौरान प्रांतीय सरकार ने नुश्की जिले में लागू कर्फ्यू की अवधि 31 जुलाई तक बढ़ा दी है।

द बलोचिस्तान पोस्ट और दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार हथियारबंद लोगों ने बरखान जिले में घाटा चौक के पास नाकाबंदी कर गाड़ियों की चेकिंग की। इस दौरान बरखान के डिप्टी कमिश्नर मुरीद बुगती और उनके बॉडीगार्ड्स को अपने साथ ले गए। बलोचिस्तान के गृहमंत्री के प्रवक्ता के मुताबिक, हथियारबंद लोगों ने बाद में डिप्टी कमिश्नर मुरीद बुगती की हत्या कर दी।

तुर्बत के दारमकोल पेडरक इलाके में आज अज्ञात हथियारबंद मोटरसाइकिल सवारों तीन लोगों को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की और मरने वालों की पहचान शाह बेग, अमानुल्लाह और अल्ताफ हुसैन के रूप में की है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार मृतक संघीय सरकार प्रायोजित डेथ स्क्वायड के सदस्य थे। डिप्टी कमिश्नर और इन तीन लोगों की हत्या की अभी तक किसी भी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है।

इस बीच बलोचिस्तान के गृह विभाग ने खराब कानून-व्यवस्था की स्थिति का हवाला देते हुए नुश्की जिले में 28 जुलाई की रात आठ बजे लगाए कर्फ्यू की अवधि को 31 जुलाई तक के लिए बढ़ा दी है। गृह विभाग ने अधिसूचना में कहा है कि कर्फ्यू के दौरान बिना इजाजत घर से बाहर निकलने और घूमने-फिरने पर रोक रहेगी।

अधिसूचना के अनुसार, इस अवधि में लोगों के इकट्ठा होने, जुलूस निकालने और गैर-जरूरी यात्रा पर पाबंदी रहेगी। सरकारी कर्मचारियों, मेडिकल, बचाव और जरूरी सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को छूट देने का अधिकार डिप्टी कमिश्नर के पास होगा। अधिसूचना के मुताबिक, 28 जुलाई को नुश्की के वेस्टर्न बाईपास पर फ्रंटियर कॉर्प्स पोस्ट पर हमले के बाद हालात खराब बने हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story