ओमान-ईरान समझौते के बेहद करीब, होर्मुज खुलने पर असमंजस, हूती का सऊदी टैंकर पर हमला

WhatsApp Channel Join Now
ओमान-ईरान समझौते के बेहद करीब, होर्मुज खुलने पर असमंजस, हूती का सऊदी टैंकर पर हमला


तेहरान/वाशिंगटन/सना/मस्कट, 06 अगस्त (हि.स.)। होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान और ओमान समझौते को आखिरी रूप देने में जुटे हैं। ईरान ने कहा है कि इसके बावजूद जब तक अमेरिका की नाकेबंदी खत्म नहीं होती, वह होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोलेगा। ईरान के इस रुख से होर्मुज के खुलने पर असमंजस के बादल मंडराने लगे हैं। मध्य पूर्व (पश्चिम एशिया) में फिर सैन्य टकराव शुरू होने की आशंका बढ़ गई है। विषम परिस्थिति के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान-ओमान बातचीत के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जल्द ही कोई समझौता हो सकता है।

सीएनएन, सीबीएस न्यूज और अल जजीरा, तेहरान की चेतावनी ऐसे समय पर आई है, जब सारी दुनिया की नजर ईरान-ओमान के बीच होने वाले समझौते पर टिकी है। ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान और ओमान पहले ही जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए एक रास्ते पर सहमत हो चुके हैं और इस जलमार्ग के संयुक्त प्रबंधन की व्यवस्था को अंतिम रूप दे रहे हैं।

ईरानी मीडिया को यह जानकारी देने वाले आधिकारिक सूत्रों ने इस पर जोर दिया कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना अमेरिका पर निर्भर करेगा। अगर अमेरिका अपना वादा पूरा करते हुए ईरान के बंदरगाहों से नौसैनिक नाकाबंदी को खत्म करता है, तो होर्मुज जलडमरूमध्य को खोल दिया जाएगा। ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा, होर्मुज जलडमरूमध्य को असुरक्षित बनाने वाले अमेरिका कारक अभी भी मौजूद हैं। इन कारकों में नौसैनिक नाकाबंदी प्रमुख है।

लास वेगास के रेड रॉक कैसीनो रिजॉर्ट ट्रंप ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए जारी बातचीत में काफी प्रगति हुई है। इसकी घोषणा बुधवार या गुरुवार को की जा सकती है। ईरानी विदेश मंत्रालय ने माना भी है कि ईरान और ओमान बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए एक रास्ते पर सहमत हुए हैं और इस रास्ते के संयुक्त प्रबंधन की व्यवस्था को अंतिम रूप दे रहे हैं। ट्रंप ने दोहराया कि जब उन्होंने ईरान पर हमले रोके, तब अमेरिका दूसरे विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़े हमले के लिए पूरी तरह तैयार हो चुका था।

इस बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में एक कमर्शियल टैंकर में धमाका होने की पुष्टि हुई है। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स ने गुरुवार को एक्स पर कहा कि ओमान के पास होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय एक तेल टैंकर पर धमाकों की आवाज सुनी गई है। यह घटना ओमान के कुमजार से लगभग 10 मील दक्षिण-पूर्व में हुई। चालक दल सुरक्षित हैं।

यमन में सक्रिय ईरान समर्थक आतंकवादी समूह हूती ने ऐसी घटना की पुष्टि की है। हूती के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि विद्रोहियों ने बुधवार को सऊदी अरब के एक और तेल टैंकर को निशाना बनाया। इस समय विद्रोही सऊदी अरब के समुद्री इलाके को घेरे हुए हैं। सरी ने कहा कि विद्रोहियों ने बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के दक्षिण में अदन की खाड़ी में सऊदी तेल टैंकर डेजी को बैलिस्टिक मिसाइल से निशाना बनाया। हूती ने कहा है कि उसके विद्रोही बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य से गुजरने वाले सऊदी के हर तेल टैंकर को निशाना बनाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story