अमेरिका-ईरान के बीच संघर्ष, ओमान में जहाज पर हमला, 20 भारतीय सही सलामत

WhatsApp Channel Join Now


मस्कट (ओमान)/तेहरान (ईरान)/वाशिंगटन (अमेरिका)/नई दिल्ली (भारत), 11 जून (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के हमलों के बीच आज ओमान से भारत के लिए अच्छी खबर नहीं आई। ओमान में कमर्शियल जहाज पर हमले की पुष्टि भारत सरकार ने कर दी है। इसमें 20 भारतीय नाविक सवार हैं। सुकून यह है कि सभी सही सलामत हैं। ईरान की सेना ने अमेरिकी हमलों के जवाब में ड्रोन और मिसाइल की बौछार कर बहरीन, कुवैत और जॉर्डन को दहला दिया है। पूरा मध्य पूर्व तनाव से हिल गया है। चीन से सभी पक्षों से पीछे लौटने की अपील की है। ईरान ने कहा है कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह बंद कर दिया है।

टाइम्स ऑफ ओमान, अल जजीरा, गल्फ न्यूज, सीबीएस न्यूज और सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार भारत ने अमेरिका से फारस की खाड़ी इलाके में जहाजों पर हमले रोकने को कहा है। इस जहाज पर हमले से पहले ऐसी ही घटना में तीन भारतीयों की मौत हो चुकी है। भारत ने कड़ी चिंता जताते हुए अमेरिका से होर्मुज जलडमरूमध्य के पास जहाजों पर हमले रोकने को कहा है।

नई दिल्ली में आज संवाददाता सम्मेलन में भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि एमटी सेटेबेलो जहाज पर हमले के बाद अमेरिकी पक्ष के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। भारत के विदेश मंत्रालय के सचिव असीम महाजन ने आज बताया कि आज ही ओमान के तट के पास एक और कमर्शियल जहाज एमटी जलवीर पर भी हमला किया गया। गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले इस जहाज पर 20 भारतीय क्रू मेंबर है। सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

ओमान में भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह उत्तरी ओमान के शिनास पोर्ट के पास एक जहाज से जुड़ी घटना पर बारीकी से नजर रख रहा है और क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों के तहत स्थानीय अधिकारियों के साथ तालमेल बिठा रहा है। दूतावास ने पुष्टि की कि एमटी जलवीर से क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इसमें रॉयल नेवी ऑफ ओमान की मदद ली गई। उल्लेखनीय है कि शिनास पोर्ट ओमान के नॉर्थ अल बातिनाह गवर्नरेट में स्थित है और देश के समुद्री व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र है।

मौजूदा परिदृश्य पर ईरानी अधिकारी ने कहा कि जब तक अमेरिका ईरान के हितों का सम्मान नहीं करता, तब तक युद्ध जारी रहेगा। अधिकारी मोहम्मद मोखबेर ने कहा कि भविष्य में अमेरिका के किसी भी हमले का ईरान और भी कड़े और जोरदार तरीके से जवाब देगा। युद्ध का नतीजा वाशिंगटन के कदमों पर निर्भर करेगा। ईरान के विदेश मंत्रालय ने देश पर हुए अमेरिकी हमलों की निंदा करते हुए कहा है कि इससे युद्धविराम बेमतलब हो गया है। इस बीच इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी ) ने कुवैत, बहरीन और जॉर्डन पर एक साथ हमले किए हैं।

अमेरिकी सेना भी ईरानी शहरों पर हवाई हमले कर रही है। हमलों की जद में बंदर अब्बास बंदरगाह शहर, केशम द्वीप और तेहरान के पश्चिम में सिरिक, मिनाब और कराज जैसे दक्षिणी शहर आए हैं । ईरान की मेहर समाचार एजेंसी की रिपोर्ट है कि ईरानी सेना ने तेल टैंकरों और कमर्शियल जहाजों सहित सभी जहाजों के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से बंद करने का आदेश दिया है। चीन ने दखल देते हुए मध्य पूर्व में सैन्य कार्रवाई रोकने की अपील की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने पत्रकारों से कहा, चीन संबंधित पक्षों से पुरजोर अपील करता है कि वे तुरंत सैन्य कार्रवाई बंद करें, बातचीत और चर्चा की ओर लौटें, संबंधित देशों की मध्यस्थता की कोशिशों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दें और जल्द से जल्द एक व्यापक और स्थायी युद्धविराम तक पहुंचें।

अमेरिकी मध्य कमान (सेंटकॉम) ने कहा कि उसने ईरान पर हमलों का एक और दौर शुरू किया है। इससे पहले बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि तेहरान ने डील पर बातचीत करने में बहुत ज्याद समय लिया है। उसे इसकी कीमत चुकानी होगी। जॉर्डन की सेना ने कहा कि उसने अमेरिकी मिलिट्री बेस वाले इलाके की ओर आ रही ईरान की 20 मिसाइलों को बीच में रोकने की कोशिश की है।

मध्य पूर्व में छाये युद्ध के बादलों के बीच पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि संघर्ष बढ़ने के बावजूद देश के नेता अमेरिका-ईरान युद्ध को खत्म करने के लिए मध्यस्थता की कोशिशों में लगे हुए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने पत्रकारों से कहा, दुश्मनी के नए दौर में आशावादी बने रहना मुश्किल है। हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है, हम कोशिश में लगे हुए हैं। इधर, बहरीन में ईरानी ड्रोन को रोके जाने के बाद एक लड़की के घायल होने की खबर है। देश के गृह मंत्रालय के अनुसार, गुरुवार को बहरीन के ऊपर एक ईरानी ड्रोन को रोके जाने के समय 11 साल की लड़की को मामूली चोटें आईं। गृह मंत्रालय ने कहा कि बहरीन के ऊपर रोके गए ईरानी ड्रोन्स के मलबे के गिरने से हमाद टाउन और मनामा में घरों को नुकसान पहुंचा और कारों में आग लग गई।

सऊदी अरब ने पाकिस्तान और कतर की मध्यस्थता में मध्य पूर्व युद्ध पर और बातचीत की मांग की है। सऊदी अरब ने गुरुवार को बहरीन, जॉर्डन और कुवैत पर ईरान के हमलों की निंदा की और मध्य पूर्व युद्ध को खत्म करने के लिए पाकिस्तान और कतर की मध्यस्थता में फिर से बातचीत शुरू करने की मांग की। सऊदी विदेश मंत्रालय ने संयम बरतने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story