एनपीएल की सुरक्षा के लिए पुलिस की सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग पर रहेगी पैनी नजर

WhatsApp Channel Join Now
एनपीएल की सुरक्षा के लिए पुलिस की सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग पर रहेगी पैनी नजर


एनपीएल की सुरक्षा के लिए पुलिस की सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग पर रहेगी पैनी नजर


काठमांडू, 26 अक्टूबर (हि.स.)। आज से शुरू हुए नेपाल प्रीमियर लीग (एनपीएल) को सुरक्षित और मर्यादित बनाने के लिए नेपाल पुलिस ने विशेष सुरक्षा योजना तैयार की है। मैचों के दौरान सट्टेबाजी से लेकर मैच फिक्सिंग तक की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस की विशेष टीमें तैनात की गई हैं।

जिला पुलिस के एसपी दान बहादुर थापा ने बताया कि आयोजक नेपाल क्रिकेट संघ (कैन) के साथ नियमित चर्चा कर प्रभावी सुरक्षा योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि खेल के दौरान किसी भी अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। ऑनलाइन सट्टेबाजी से लेकर मैच फिक्सिंग तक की गतिविधियों की निगरानी के लिए पुलिस की विशेष टीमें बनाई गई हैं। संभावित मैच फिक्सिंग पर नजर रखने के लिए पुलिस मुख्यालय और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीआईबी) के कुछ पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है।

पिछले सीजन में पुलिस ने क्रिकेट स्टेडियम में बैठकर सट्टेबाजी संचालित करने वाले भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया था। इस बार भी ऐसे गिरोह सक्रिय हो सकते हैं। इसे देखते हुए डिजिटल निगरानी के साथ-साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात कर नियमित निगरानी की जाएगी। एनपीएल देश की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात करने की तैयारी है। इस बार पिछले वर्षों की तुलना में अधिक विदेशी खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।

विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। उद्घाटन मैच के दौरान 1,125 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा त्रिभुवन विश्वविद्यालय क्रिकेट मैदान की बाहरी परिधि में सशस्त्र पुलिस बल को भी तैनात करने का निर्णय लिया गया है। खिलाड़ियों के ठहरने वाले होटलों में भी सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। एसपी थापा ने बताया कि स्टेडियम में प्रतिदिन प्रशिक्षित कुत्तों की मदद से सुरक्षा जांच की जाएगी। इसके साथ ही ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि एनपीएल में खुफिया सूचनाओं पर आधारित पुलिसिंग की जाएगी। सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों के माध्यम से सूचनाएं जुटाने के साथ-साथ तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाएगा। एनपीएल की सुरक्षा को लेकर शनिवार को जिला पुलिस कार्यालय, सुरक्षा अधिकारियों और कैन के पदाधिकारियों के बीच बैठक हुई थी। रविवार शाम को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्टेडियम क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।

इसके अलावा टिकट नहीं मिलने के कारण स्टेडियम के बाहर दर्शकों द्वारा नारेबाजी किए जाने की घटनाएं भी सामने आई थीं। पुलिस ने टिकट वितरण के संबंध में दर्शकों को समय पर और पारदर्शी तरीके से जानकारी देने का आग्रह किया है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जाएगी। एसपी थापा ने बताया कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वाली गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए सोशल मीडिया की निगरानी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767324 Articles

Share this story