यूक्रेन-नॉर्वे ने किए रक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी समझौते

WhatsApp Channel Join Now
यूक्रेन-नॉर्वे ने किए रक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी समझौते


यूक्रेन-नॉर्वे ने किए रक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी समझौते


कीव, 24 अगस्त (हि.स.)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की और नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने रविवार को रक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी से जुड़े महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा, ऊर्जा और राष्ट्रीय मजबूती के क्षेत्रों में दीर्घकालिक सहयोग को और मजबूत करना है।

तुर्किये की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू

तथा यूक्रेनी राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार जेलेंस्की ने कहा कि नॉर्वे के साथ हुए समझौते दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी की नींव को मजबूत करेंगे। उन्होंने यूक्रेन को लगातार समर्थन देने के लिए नॉर्वे का आभार जताया और 2027 में करीब 9.2 अरब डॉलर (लगभग 88 हजार करोड़ रुपये) की सहायता देने की प्रतिबद्धता का स्वागत किया।

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि दोनों देशों ने ड्रोन डील प्रारूप के तहत रक्षा और सुरक्षा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके साथ ही रणनीतिक साझेदारी पर एलिसिव एकॉर्ड नामक घोषणापत्र भी स्वीकार किया गया। यह नाम प्रिंस यारोस्लाव द वाइज़ की बेटी से जुड़ा है, जो बाद में नॉर्वे की रानी बनी थीं।

प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर रविवार को कीव पहुंचे थे, जहां उन्होंने जेलेंस्की की मेजबानी में आयोजित नॉर्डिक-बाल्टिक 8 (एनबी-8) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। सम्मेलन में यूक्रेन के एयर डिफेंस और एंटी बैलिस्टिक क्षमताओं को मजबूत करने, ऊर्जा क्षेत्र और वित्तीय मजबूती को और मजबूत करने और बातचीत के नए दौर शुरू करने काे लेकर चर्चा हुई।

गाैरतलब है कि नॉर्वे की 2027 के लिए घोषित सहायता में 70 अरब क्रोनर सैन्य सहायता और 15 अरब क्रोनर नागरिक सहायता के लिए रखे गए हैं। यह लगातार तीसरा वर्ष होगा जब नॉर्वे यूक्रेन को सालाना 85 अरब क्रोनर की सहायता उपलब्ध कराने का वादा करेगा।

सम्मेलन में लिथुआनिया के राष्ट्रपति गितानास नौसेदा, फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब, एस्टोनिया के प्रधानमंत्री क्रिस्टन मिशाल, डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसेन, लातविया के प्रधानमंत्री एंड्रिस कुलबर्ग्स शामिल हुए। आइसलैंड की प्रधानमंत्री क्रिस्ट्रुन फ्रोस्टाडोटिर और स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन ऑनलाइन शामिल हुए।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story