नाइजीरिया ने बोको हराम और आईएसडब्ल्यूएपी से संघर्षविराम से किया इनकार

WhatsApp Channel Join Now


अबुजा, 05 नवंबर (हि.स.)। नाइजीरिया की सेना ने गुरुवार को आतंकी संगठन बोको हराम और इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस (आईएसडब्ल्यूएपी) के साथ किसी भी तरह के संघर्षविराम की संभावना से इनकार किया। सेना ने स्पष्ट किया कि उग्रवादी और अन्य सशस्त्र समूहों के खिलाफ सैन्य अभियान लगातार जारी रहेंगे।

नाइजीरिया के पूर्वोत्तर क्षेत्र में हाल के सप्ताहों में सैन्य ठिकानों पर बोको हराम और आईएसडब्ल्यूएपी के हमले बढ़े हैं। यह स्थिति ऐसे समय बनी है, जब क्षेत्र में पिछले 17 वर्षों से जारी उग्रवाद को नियंत्रित करने के लिए सेना लगातार अभियान चला रही है।

राजधानी अबुजा में खुफिया जानकारी से संबंधित एक ब्रीफिंग के दौरान सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल समाइला उबा ने कहा कि हालिया अभियानों में सुरक्षा बलों को कई सफलताएं मिली हैं। इनमें उग्रवादियों को मार गिराना, संदिग्धों को गिरफ्तार करना और बंधकों को मुक्त कराना शामिल है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों से स्पष्ट है कि सेना सशस्त्र समूहों पर लगातार दबाव बनाए हुए है।

उबा ने संघर्षविराम की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा कोई समझौता नहीं है। अभियानों में मिल रही सफलताओं के मद्देनजर सेना अपने प्रयासों में कोई ढिलाई नहीं बरत रही है। उन्होंने दोहराया कि उग्रवादी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773177 Articles

Share this story