सांसदों के शपथ ग्रहण के लिए नए संसद भवन में सुरक्षा तैयारियों का जायजा

WhatsApp Channel Join Now
सांसदों के शपथ ग्रहण के लिए नए संसद भवन में सुरक्षा तैयारियों का जायजा


काठमांडू, 22 मार्च (हि.स.)। नवनिर्वाचित प्रतिनिधि सभा सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह की सुरक्षा और संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए नेपाल पुलिस के अतिरिक्त महानिरीक्षक (एआईजी) ईश्वर कार्की और उमा प्रसाद चतुर्वेदी ने नवनिर्मित भवन का स्थल निरीक्षण किया।

उन्होंने शपथ ग्रहण के दिन संभावित भीड़, विशिष्ट व्यक्तियों की आवाजाही और समग्र सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली। एआईजी द्वय ने सुरक्षा प्रबंधन के साथ-साथ उस क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को भी प्रभावी बनाने के लिए अधीनस्थ निकायों को निर्देश दिए हैं।

नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के पहली बार नए संसद भवन में प्रवेश करने के इस ऐतिहासिक अवसर को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां और संसद सचिवालय समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं।

आगामी 26 मार्च को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए संसद भवन के भीतर प्रतिनिधि सभा का मुख्य सभाकक्ष अभी पूरी तरह तैयार नहीं होने के कारण बहुउद्देश्यीय हॉल को वैकल्पिक रूप से उपयोग में लाया जा रहा है।

संघीय संसद की सहसचिव बबीता मिश्र के अनुसार, बहुउद्देश्यीय हॉल में सभामुख के आसन सहित सत्तापक्ष और विपक्ष के लिए दाएं-बाएं बैठने की व्यवस्था की गई है।

हॉल में कुर्सियों से लेकर माइक्रोफोन तक की व्यवस्था पूरी हो चुकी है, जबकि बिजली स्थापना और रंग-रोगन का काम भी अंतिम चरण में है। शपथ ग्रहण के अलावा प्रतिनिधि सभा की प्रारंभिक बैठकों को भी अस्थायी रूप से इसी हॉल से संचालित करने की तैयारी की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story