नेतन्याहू की ईरान को चेतावनी, बोले- तेहरान ने अब तक सबक नहीं सीखा
यरुशलम, 21 अक्टूबर (हि.स.)। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान पर परमाणु हथियार विकसित करने की कोशिशें दोबारा तेज करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि तेहरान ने अब तक सबक नहीं सीखा है। दक्षिणी इजराइल में सेना के अधिकारी प्रशिक्षण संस्थान ‘बहाद-1’ में आयोजित सैन्य अधिकारियों के दीक्षांत समारोह में नेतन्याहू ने कहा कि ईरान से खतरे को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए वहां की मौजूदा सत्ता को हटाना ही एकमात्र रास्ता है।
नेतन्याहू ने ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अपने पिता के रास्ते पर चलते हुए ईरान के परमाणु हथियार कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि ईरान फिर से विनाशकारी हथियार विकसित करने की कोशिश कर रहा है। नेतन्याहू के मुताबिक, उन्होंने इजराइली सेना, खुफिया एजेंसी मोसाद और अन्य सुरक्षा संस्थानों को इस खतरे से निपटने के निर्देश दिए हैं।
समारोह में इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने भी ईरान और उसके सहयोगी संगठनों को चेतावनी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इजराइली अधिकारियों ने ऐसे प्रयासों की पहचान की है, जिनका उद्देश्य अगले सप्ताह होने वाले चुनावों को प्रभावित करने के लिए आतंकवादी हमले करना है।
काट्ज ने कहा कि इजराइल के आकलन में ईरानी शासन इस समय बेहद कमजोर स्थिति में है और यह कमजोरी उसे अत्यधिक कदम उठाने के लिए प्रेरित कर सकती है। उन्होंने कहा कि इजराइल ऐसे किसी भी प्रयास को नाकाम करने और जरूरत पड़ने पर पूरी ताकत से जवाब देने के लिए तैयार है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

