फ्लाईदुबई घटना पर इजराइल सख्त, सभी एयरलाइंस की सुरक्षा बढ़ाने का आदेश

WhatsApp Channel Join Now


तेल अवीव, 30 सितंबर (हि.स.)। फ्लाईदुबई विमान में हुई गंभीर सुरक्षा घटना के बाद इजराइल ने देश में संचालित होने वाली विमान सेवाओं की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को अधिकारियों को इजराइली और विदेशी, दोनों तरह की एयरलाइंस के लिए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता ने इस आदेश की पुष्टि की।

यह निर्देश फ्लाईदुबई की उड़ान में हुई घटना के बाद दिया गया है, जिसमें एक पायलट पर अपने साथी पायलट पर हमला करने और विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश का आरोप है। इजराइली अधिकारियों ने इस घटना को गंभीर सुरक्षा मामला बताया है।

वहीं, इजराइल के वित्त मंत्री बेजलेल स्मोट्रिच ने घटना को लेकर कड़ी कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने कहा कि विमान को हाईजैक करने और उसमें सवार करीब 180 इजराइली नागरिकों की जान लेने की कथित कोशिश करने वालों को खोजकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

स्मोट्रिच ने कहा कि ऐसे प्रयास के लिए दोषियों को हत्या के समान सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर इसके पीछे किसी देश या आतंकवादी संगठन की भूमिका सामने आती है, तो उसे भी इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story