ईरान वार्ता के बीच नेतन्याहू ने अमेरिकी अधिकारियों से की बातचीत

WhatsApp Channel Join Now

यरुशलम/वाशिंगटन, 06 मई (हि.स.)। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका और ईरान के बीच चल रही वार्ताओं को लेकर ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों के साथ बातचीत की है। इस चर्चा का मकसद मौजूदा बातचीत की स्थिति और संभावित समझौते की शर्तों को बेहतर ढंग से समझना है।

सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक नेतन्याहू यह जानना चाहते हैं कि वार्ता में फिलहाल क्या प्रस्ताव शामिल हैं और किन मुद्दों पर सहमति बनने की संभावना है। इजराइल को इस बात की चिंता है कि युद्ध खत्म कराने के लिए अमेरिका आखिरी समय में ईरान को कुछ रियायतें दे सकता है।हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नेतन्याहू ने किन-किन अमेरिकी अधिकारियों से बात की है। इस संबंध में व्हाइट हाउस से भी प्रतिक्रिया मांगी गई है, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि नेतन्याहू नियमित रूप से अमेरिकी पक्ष के संपर्क में रहते हैं, ताकि ईरान के साथ हो रही बातचीत की ताजा जानकारी उन्हें मिलती रहे।

इजराइल विशेष रूप से इस बात को लेकर चिंतित है कि कहीं ईरान पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों में ढील न दी जाए। इसके साथ ही इजराइल चाहता है कि किसी भी संभावित समझौते में ईरान के प्रॉक्सी नेटवर्क और उसके बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम पर कड़े प्रतिबंध लगाए जाएं। इजराइल का यह भी कहना है कि किसी भी समझौते में उसकी सैन्य कार्रवाई की स्वतंत्रता प्रभावित नहीं होनी चाहिए, ताकि वह क्षेत्रीय खतरों से निपटने के लिए आवश्यक कदम उठा सके।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story