नेपाली कांग्रेस महाधिवेशन की सफलता के लिए भाजपा और कांग्रेस ने भेजे शुभकामना संदेश
काठमांडू, 05 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी नेपाली कांग्रेस के 15वें राष्ट्रीय महाधिवेशन की सफलता के लिए भारत के सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रमुख विपक्षी दल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस—दोनों की ओर से शुभकामना संदेश भेजे गए हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने नेपाली कांग्रेस के सभापति गगन थापा को अलग-अलग पत्र भेजकर महाधिवेशन की सफलता की कामना की है।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के भेजे पत्र में नेपाली कांग्रेस के 15वें राष्ट्रीय महाधिवेशन के उद्घाटन सत्र में शामिल होने के निमंत्रण के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने नेपाली कांग्रेस के नेतृत्व और सभी सदस्यों को सफल महाधिवेशन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर नेपाली कांग्रेस को और मजबूत करेगा तथा नेपाल की लोकतांत्रिक यात्रा में योगदान देगा।
नवीन ने हाल में नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भारत नेपाल के प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत राहत एवं पुनर्वास के जारी प्रयासों में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा अध्यक्ष ने पत्र में अपनी पार्टी और नेपाली कांग्रेस के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी पार्टी दोनों दलों के बीच पार्टी-टू-पार्टी संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद करती है।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पत्र में गगन थापा के निमंत्रण के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि नेपाली कांग्रेस का 15वां राष्ट्रीय महाधिवेशन लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय जैसे विषयों पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण अवसर है।
खड़गे ने नेपाली कांग्रेस के संस्थापक बीपी कोइराला का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और नेपाली कांग्रेस के बीच लोकतंत्र के लिए आपसी समझ, एकजुटता और सहयोग का लंबा इतिहास रहा है। उन्होंने दोनों दलों और दोनों देशों के बीच संबंधों को महत्वपूर्ण बताया।
खड़गे ने नेपाली कांग्रेस के नेतृत्व, पदाधिकारियों और सभी प्रतिनिधियों को सफल एवं उत्पादक महाधिवेशन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि दोनों दलों और दोनों देशों के बीच मित्रता आगे भी मजबूत होती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

