मलेशिया में नेपाली श्रमिकों से ठगी के मामले में दो पूर्व मंत्रियों समेत छह गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मलेशिया में नेपाली श्रमिकों से ठगी के मामले में दो पूर्व मंत्रियों समेत छह गिरफ्तार


मलेशिया में नेपाली श्रमिकों से ठगी के मामले में दो पूर्व मंत्रियों समेत छह गिरफ्तार


काठमांडू, 18 नवंबर (हि.स.)। मलेशिया में वैदेशिक रोजगार के लिए जाने वाले नेपाली श्रमिकों से धोखाधड़ी कर वसूली गई रकम को गैरकानूनी तरीके से मलेशिया भेजने के फैसले में शामिल होने के आरोप में नेपाल के दो पूर्व मंत्रियों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार होने वालों में तत्कालीन श्रम, रोजगार तथा सामाजिक सुरक्षा मंत्री शेरबहादुर कुँवर और रामेश्वर राय यादव शामिल हैं। इनके अलावा श्रम मंत्रालय के तत्कालीन सचिव विनोद केसी, रोजगार प्रबंधन महाशाखा के तत्कालीन प्रमुख उमेश ढुंगाना और राजीव पोखरेल तथा तत्कालीन कानून अधिकारी निर्मला गुरुङ को भी गिरफ्तार किया गया है।

नेपाल पुलिस के केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीआईबी) के अनुसार, प्रधानमंत्री तथा मंत्रिपरिषद कार्यालय के पत्र और विकास रानाभाट सहित अन्य लोगों की शिकायत के आधार पर ये गिरफ्तारियां की गई हैं।

पुलिस के मुताबिक, काठमांडू जिला अदालत से 18 नवंबर को गिरफ्तारी वारंट जारी करने की अनुमति लेने के बाद काठमांडू, ललितपुर और सर्लाही के विभिन्न स्थानों से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

मामले में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और संगठित अपराध निवारण अधिनियम, 2010 के तहत जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, नेपाल और मलेशिया सरकार के बीच हुए समझौते के विपरीत अवैध तरीके से एकत्र की गई रकम में से 8 करोड़ 37 लाख 4 हजार 39 अमेरिकी डॉलर और 3 करोड़ 71 लाख 79 हजार 880 पाउंड स्टर्लिंग, यानी कुल 1 अरब 69 करोड़ 2 लाख 24 हजार 26 रुपये 76 पैसे मलेशिया भेजने का निर्णय लिया गया था।

पुलिस का आरोप है कि समझौते के दायरे और कानूनी प्रक्रियाओं का उल्लंघन करते हुए अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर विदेशी मुद्रा को अवैध रूप से विदेश भेजने के फैसले में इन अधिकारियों और पूर्व मंत्रियों की संलिप्तता थी।

पुलिस के मुताबिक, नेपाली श्रमिकों के साथ संगठित तरीके से हो रही ठगी पर चुप्पी साधने, पीड़ितों को कानूनी राहत दिलाने के लिए पहल नहीं करने और अवैध रूप से एकत्र की गई रकम मलेशिया भेजने के फैसले में शामिल होने के आरोपों की जांच आगे बढ़ाई गई है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779391 Articles

Share this story