लगातार बारिश और खराब मौसम से विदेशी पर्यटकों ने बदली राह, मनांग से लौटने लगे

WhatsApp Channel Join Now
लगातार बारिश और खराब मौसम से विदेशी पर्यटकों ने बदली राह, मनांग से लौटने लगे


काठमांडू, 29 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण अन्नपूर्णा सर्किट ट्रेल के रास्ते मनांग पहुंचे विदेशी पर्यटकों ने बीच में ही अपनी यात्रा छोटा कर वापस लौटना शुरू कर दिया है।

खराब मौसम और बढ़ते जोखिम को देखते हुए थोरोंगला दर्रा पार कर मुस्तांग, पोखरा और अन्य गंतव्यों तक जाने की योजना बना रहे विभिन्न देशों के पर्यटक अब वापस लौट रहे हैं।

धरापानी स्थित अन्नपूर्ण संरक्षण क्षेत्र परियोजना के प्रभारी भूपेंद्र गुरुंग ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में 246 विदेशी पर्यटक मनांग से लौटकर लमजुंग पहुंचे हैं। इनमें 151 पुरुष और 95 महिलाएं शामिल हैं।

आम तौर पर धरापानी के रास्ते प्रतिदिन 100 से 150 विदेशी पर्यटक मनांग की ओर जाते थे। लेकिन मौसम खराब होने के बाद पर्यटकों की आवाजाही में भारी कमी आई है। अब प्रतिदिन केवल एक-दो पर्यटक ही मनांग की ओर जा रहे हैं, जबकि अधिकांश पर्यटक आगे बढ़ने के बजाय वापस लौटने का फैसला कर रहे हैं।

अन्नपूर्णा सर्किट ट्रेक लमजुंग के बेंसीसहर नगरपालिका-7 से शुरू होता है और लमजुंग, मनांग, मुस्तांग, म्याग्दी और कास्की से होकर गुजरता है। इस ट्रेकिंग मार्ग पर थोरोंगला दर्रा 5,416 मीटर की ऊंचाई पर स्थित सबसे ऊंचा स्थान है।

इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध विरासत देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करती है। हालांकि, लगातार बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण फिलहाल ट्रेकिंग गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story