काठमांडू एयरपोर्ट से नेपाल एयरलाइंस का कर्मचारी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
काठमांडू एयरपोर्ट से नेपाल एयरलाइंस का कर्मचारी गिरफ्तार


काठमांडू, 03 जून (हि.स.)। नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से लगभग 54 लाख 71 हजार नेपाली रुपये और अन्य विदेशी मुद्रा के साथ नेपाल एयरलाइंस के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है।

त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा सुरक्षा कार्यालय के अनुसार सुनसरी जिले के गढ़ी गाउपालिका के निवासी तथा वर्तमान में काठमांडू के बनस्थली में रहने वाले 50 वर्षीय कमल नारायण विश्वास को आज सुबह गिरफ्तार किया गया। विश्वास पिछले 16 वर्षों से नेपाल एयरलाइंस में ‘ग्राउंड इक्विपमेंट ऑपरेटर’ के रूप में कार्यरत थे और हवाई अड्डे के भीतर काम कर रहे थे।

बताया गया है कि वह मलेशिया की राजधानी क्वॉलालंपुर जाने के लिए बटिक एयर की उड़ान संख्या ओडी181 से विजिट वीजा पर यात्रा करने वाले थे। आज सुबह लगभग 8:30 बजे उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर सुरक्षा जांच की गई। लगेज स्कैनिंग और शरीर की तलाशी के दौरान उनके काले रंग के सूटकेस में रखी एक लोहे की कड़ाही के भीतर छिपाकर रखी गई नेपाली और विदेशी मुद्रा बरामद की गई।

हवाई अड्डा पुलिस के अनुसार जांच के दौरान यह भी पता चला कि वह विभिन्न अवसरों पर नेपाल से 26 बार विदेश यात्रा कर चुके हैं।

बरामद मुद्रा के साथ कमल नारायण विश्वास को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए डिपार्टमेंट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस को भेज दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story