वर्ष में सिर्फ एक दिन खुलता है काठमांडू का तलेजु भवानी मंदिर, दर्शन के लिए सुबह से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

WhatsApp Channel Join Now
वर्ष में सिर्फ एक दिन खुलता है काठमांडू का तलेजु भवानी मंदिर, दर्शन के लिए सुबह से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


काठमांडू, 20 अक्टूबर (हि.स.)। आम श्रद्धालुओं के लिए साल में केवल एक दिन खुलने वाले काठमांडू के तलेजु भवानी मंदिर में दर्शन के लिए मंगलवार सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।

विश्व धरोहर सूची में शामिल हनुमानढोका दरबार क्षेत्र स्थित तलेजु भवानी मंदिर मंगलवार को सुबह 5 बजे से आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। हालांकि, मंदिर खुलने से पहले ही दर्शनार्थियों की कतार लग गई थी।

हनुमानढोका दरबार प्रबंधन कार्यालय के प्रमुख जयन्ती श्रेष्ठ प्रधान ने बताया कि मंदिर में सुबह 5 बजे से शाम 6 बजे तक पूजा और दर्शन की व्यवस्था की गई है।

यह मंदिर हर साल शारदीय नवरात्र के महानवमी के अवसर पर ही आम श्रद्धालुओं के लिए खोला जाता है। हालांकि, कोरोना महामारी के कारण वर्ष 2020 में मंदिर आम लोगों के लिए नहीं खोला गया था।

आश्विन शुक्ल नवमी यानी महानवमी के दिन ही खुलने वाले इस मंदिर में हर साल हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।

नेपाल पंचांग निर्णायक विकास समिति की ओर से निर्धारित शुभ मुहूर्त के अनुसार, तुलजा भवानी को गत शनिवार, सुबह 7:37 बजे हनुमानढोका दरबार क्षेत्र के मूलचोक में लाया गया था। उसी दिन सुबह 10:39 बजे उन्हें निर्धारित आसन पर विराजमान कराया गया।

तलेजु भवानी को मूलचोक में विराजमान रखकर महाअष्टमी की रात कालरात्रि पूजा की गई । मंदिर प्रबंधन के अनुसार, इस पूजा के दौरान 54 बकरों और 54 भैंसों की बलि देकर देवी की आराधना भी की गई।

विजयादशमी तक तलेजु भवानी को मूलचोक में ही रखकर पूजा-अर्चना की जाएगी। बुधवार को विजयादशमी के दिन समिति की ओर से निर्धारित शुभ मुहूर्त के अनुसार सुबह 10:51 बजे देवी की यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह 11:52 बजे तलेजु भवानी को उनके मूल मंदिर में पुनः निर्धारित आसन पर विराजमान कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763767 Articles

Share this story