नेपाल में सुनसरी के संवेदनशील इलाकों और पूर्व पश्चिम राजमार्ग में बेमियादी कर्फ्यू

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में सुनसरी के संवेदनशील इलाकों और पूर्व पश्चिम राजमार्ग में बेमियादी कर्फ्यू


नेपाल में सुनसरी के संवेदनशील इलाकों और पूर्व पश्चिम राजमार्ग में बेमियादी कर्फ्यू


काठमांडू, 28 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज में हुई हिंसक झड़प के बाद बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए सुनसरी जिला प्रशासन कार्यालय ने जिले के संवेदनशील क्षेत्रों तथा पूर्व पश्चिम राजमार्ग में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है। कर्फ्यू मंगलवार शाम ६:30 बजे से लागू हो गया है और अगला आदेश जारी होने तक लागू रहेगा।

प्रमुख जिला अधिकारी ईश्वरी प्रसाद अर्याल द्वारा हस्ताक्षरित एक सूचना के अनुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन ने यह आदेश जारी किया गया है। कर्फ्यू के दायरे में पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर पूर्व में पकली चौक से लेकर पश्चिम में कोशी बैराज पुल तक का क्षेत्र शामिल है, जो राजमार्ग के उत्तर और दक्षिण दोनों तरफ 200 मीटर तक फैला हुआ है। इसके अलावा, पूरे इनारूवा बाजार क्षेत्र को भी कर्फ्यू के तहत रखा गया है।

कर्फ्यू के दौरान निर्धारित क्षेत्रों के भीतर सभी प्रकार की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। सार्वजनिक सभाओं, रैलियों, प्रदर्शनों, बैठकों और धरनों पर भी रोक लगा दी गई है। जिला प्रशासन कार्यालय ने निवासियों से शांति और सुरक्षा बनाए रखने में अधिकारियों का सहयोग करने और कर्फ्यू के आदेशों का पूरी तरह से पालन करने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story