नेपाल में सेवा शुरू करने की तैयारी में स्टारलिंक, सरकार से मांगी औपचारिक अनुमति

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में सेवा शुरू करने की तैयारी में स्टारलिंक, सरकार से मांगी औपचारिक अनुमति


काठमांडू, 01 जून (हि.स.)। एलन मस्क की उपग्रह आधारित इंटरनेट सेवा कंपनी स्टारलिंक ने नेपाल में अपनी हाई-स्पीड सैटेलाइट इंटरनेट सेवा शुरू करने की औपचारिक इच्छा जताई है। कंपनी ने नेपाल सरकार से संचालन की अनुमति देने का अनुरोध किया है।

इसी सिलसिले में स्टारलिंक की निदेशक रेबेका स्लीक हंटर ने आज नेपाल के संचार तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डा विक्रम तिमिल्सिना से मुलाकात की। बैठक के दौरान उन्होंने नेपाल में स्टारलिंक की सेवाएं शुरू करने के लिए सरकारी स्वीकृति का अनुरोध किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टारलिंक ने नेपाल में पूर्ण स्वामित्व (फुल ओनरशिप) के तहत संचालन करने का प्रस्ताव रखा है। कंपनी का कहना है कि उसकी सैटेलाइट आधारित इंटरनेट सेवा नेपाल के दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों तक भी तेज गति का इंटरनेट पहुंचाने में सहायक हो सकती है।

मुलाकात के दौरान नेपाल में डिजिटल कनेक्टिविटी, सूचना प्रौद्योगिकी के विस्तार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट पहुंच बढ़ाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। हालांकि सरकार की ओर से अभी तक कंपनी को अनुमति दिए जाने संबंधी कोई औपचारिक निर्णय सार्वजनिक नहीं किया गया है।

यदि स्टारलिंक को नेपाल में संचालन की अनुमति मिलती है, तो यह देश के दूरसंचार क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जाएगा। इससे विशेष रूप से उन क्षेत्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है जहां पारंपरिक ब्रॉडबैंड और मोबाइल इंटरनेट सेवाओं की पहुंच सीमित है।

सरकार और संबंधित नियामक निकाय अब स्टारलिंक के प्रस्ताव का अध्ययन कर आगे की प्रक्रिया तय करेंगे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story