दक्षिण कोरिया ने विदेशमंत्री को नेपाल के पुनर्निर्माण में दिया मदद का आश्वासन

WhatsApp Channel Join Now
दक्षिण कोरिया ने विदेशमंत्री को नेपाल के पुनर्निर्माण में दिया मदद का आश्वासन


काठमांडू, 06 सितंबर (हि.स.)। दक्षिण कोरिया ने बाढ़ के बाद नेपाल में चल रहे पुनर्निर्माण प्रयासों में सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई है। रविवार को सिंहदरबार स्थित विदेश मंत्रालय में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल और दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्युन के बीच हुई मुलाकात के दौरान कोरिया ने यह इच्छा व्यक्त की।

विदेश मंत्रालय के अनुसार बैठक में 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ के बाद जारी खोज, बचाव और राहत कार्यों के साथ-साथ लापता कोरियाई नागरिकों की तलाश के बारे में विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री खनाल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कोरियाई आपदा राहत दल और अंतर-एजेंसी रैपिड रिस्पॉन्स टीम भेजने के लिए दक्षिण कोरिया सरकार का आभार व्यक्त किया।

मानवीय सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए कोरिया की सराहना करते हुए मंत्री खनाल ने कहा कि आने वाले दिनों में आपदा-रोधी, टिकाऊ और मजबूत बुनियादी ढांचे का निर्माण नेपाल सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने इसके लिए दक्षिण कोरिया से लगातार सहयोग की अपेक्षा भी जताई।

जवाब में दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्युन ने कहा कि आपदा के बाद पुनर्निर्माण में नेपाल की सहायता करने के लिए कोरिया सरकार पूरी तरह तैयार है। जलवायु परिवर्तन के कारण नेपाल जैसे देशों को होने वाले नुकसान के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय की ऐतिहासिक जिम्मेदारी पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सीओपी जैसे वैश्विक मंचों पर अन्य देशों को जागरूक करने के लिए नेपाल और दक्षिण कोरिया को मिलकर काम करना चाहिए।

विदेश मंत्री ह्युन ने यह भी प्रतिबद्धता जताई कि नेपाल को अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मिलने वाली आर्थिक सहायता के मुद्दे पर दक्षिण कोरिया अपनी ओर से आवाज उठाएगा।

बैठक के अंत में दोनों विदेश मंत्रियों ने लंबे समय से चली आ रही मित्रता, आपसी विश्वास और सहयोग पर आधारित द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करते हुए नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्युन तीन दिवसीय नेपाल दौरे पर आए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story