नेपाल सुप्रीम कोर्ट में महान्यायाधिवक्ता की नियुक्ति को चुनौती, गुरुवार को होगी सुनवाई

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल सुप्रीम कोर्ट में महान्यायाधिवक्ता की नियुक्ति को चुनौती, गुरुवार को होगी सुनवाई


काठमांडू, 22 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल सरकार की ओर से नियुक्त महान्यायाधिवक्ता डॉ. नारायणदत्त कंडेल के खिलाफ सर्वोच्च अदालत में तीन रिट याचिकाएं दायर की गई हैं, जिन पर गुरुवार को सुनवाई निर्धारित की गई है।

सर्वोच्च अदालत के प्रवक्ता अर्जुन कोइराला ने बताया कि बुधवार को महान्यायाधिवक्ता की नियुक्ति के खिलाफ तीन रिट दर्ज की गईं। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त महान्यायाधिवक्ता की योग्यता पर सवाल उठाते हुए ये याचिकाएं दायर की गई हैं। अधिवक्ता माधव बस्नेत, दिपकराज जोशी सहित अन्य वकीलों ने रिट दायर की है। उनका दावा है कि डॉ. कंडेल इस पद के लिए योग्य नहीं हैं। सर्वोच्च अदालत के प्रवक्ता कोइराला के अनुसार, तीनों रिट पर गुरुवार को सुनवाई होगी।

याचिकाकर्ताओं का कहना है कि महान्यायाधिवक्ता जैसे महत्वपूर्ण पद पर अयोग्य व्यक्ति की नियुक्ति गलत है। तीनों रिट में नियुक्ति प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की गई है। सर्वोच्च अदालत के न्यायाधीश के समकक्ष माने जाने वाले महान्यायाधिवक्ता पद के लिए कम से कम 15 वर्षों तक लगातार वकालत करने का अनुभव आवश्यक होता है। रिट याचिका में दावा किया गया है कि डा. कंडेल के पास लगातार वकालत करने का आवश्यक अनुभव नहीं है।

प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने ५ अप्रैल को डॉ. कंडेल को महान्यायाधिवक्ता नियुक्त किया था। संवैधानिक प्रावधान के अनुसार प्रधानमंत्री उस व्यक्ति को महान्यायाधिवक्ता नियुक्त कर सकते हैं, जो सर्वोच्च अदालत का न्यायाधीश बनने की योग्यता रखता हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story