नेपाल में भूमिहीनों की बस्ती पर बुलडोजर कार्रवाई का विरोध, प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग
काठमांडू, 29 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल में श्रम संस्कृति पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद हर्क सांपांग ने भूमिहीनों की बस्ती पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के इस्तीफे की मांग की है।
सांपांग ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि बालेंद्र शाह की सरकार ने भूमिहीनों की जमीन पर बुलडोजर चलाने के दौरान न्यूनतम मानवता भी नहीं दिखाई। उन्होंने प्रधानमंत्री पर संवेदनहीन होने का आरोप लगाते हुए अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की है।
सांपांग ने दावा किया कि इस मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र ने भी अपील जारी करते हुए भूमिहीनों की बस्ती में बुलडोजर चलाने से पहले उनके लिए सभी प्रकार के विकल्प उपलब्ध कराने की अपील की थी लेकिन प्रधानमंत्री ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
इस मसले पर नेपाल के राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के साथ ही कई अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने भी बुलडोजर कार्रवाई का विरोध किया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

