नेपाल संवत 1147 की धूम, प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने दी शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल संवत 1147 की धूम, प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने दी शुभकामनाएं


काठमांडू, 10 नवंबर (हि.स.)। नेपाल संवत के नए वर्ष 1147 की आज देश में धूम है। विशेष रूप से नेवार समुदाय के लोग इस दिन को नए साल के रूप में मनाते हैं। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, धार्मिक अनुष्ठान और पारंपरिक उत्सवों का आयोजन किया जा रहा है। नेपाल संवत देश का अपना मौलिक और विशिष्ट कैलेंडर है। इसकी शुरुआत 880 ईस्वी में लिच्छवि राजा राघवदेव के शासनकाल में शंखधर साख्वा ने की थी। उन्होंने लोगों को कर्ज से मुक्त कराया था और इसी ऐतिहासिक योगदान की स्मृति में नेपाल संवत की शुरुआत हुई थी। राष्ट्र और समाज के प्रति शंखधर साख्वा के महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए सरकार ने 18 नवंबर 1999 को उन्हें राष्ट्रीय विभूति घोषित किया था।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने कहा कि पारंपरिक त्योहार समाज के लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने का अवसर देते हैं। ये पर्व सामाजिक एकता, सद्भाव और सहिष्णुता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नेपाल संवत 1147 (न्हूदँया भिंतुना) और म्हः पूजा के अवसर पर जारी शुभकामना संदेश में प्रधानमंत्री शाह ने देश और विदेश में रहने वाले सभी नेपाली नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने नेपाल संवत को देश की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक चंद्र कैलेंडर का अभिन्न हिस्सा बताया। शाह ने राष्ट्रीय विभूति शंखधर साख्वा के योगदान को याद किया। प्रधानमंत्री ने नेवार समुदाय में प्रचलित म्हः पूजा के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह परंपरा व्यक्ति को आत्मसम्मान, आत्मबोध और आध्यात्मिक शुद्धि का संदेश देती है। इसके साथ ही यह पूर्वजों की विरासत को संरक्षित करने तथा समुदाय के भीतर सद्भाव और एकजुटता को बढ़ावा देने में भी मदद करती है।

प्रधानमंत्री शाह ने गोवर्धन पूजा और गोरु तिहार के महत्व का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन अवसरों पर कृषि कार्यों में बैलों और कृषि उपकरणों के योगदान को सम्मान देते हुए उनकी पूजा की जाती है। गोवर्धन पूजा का संबंध हिंदू धार्मिक मान्यता से भी है। मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने द्वारका के लोगों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर उठा लिया था।

उन्होंने पारंपरिक भैलो और देउसी गीतों तथा शुभकामनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये परंपराएं पड़ोसियों के बीच संबंधों को मजबूत करने और आपसी सद्भाव बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अंत में प्रधानमंत्री ने इन सभी पर्वों के अवसर पर देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774664 Articles

Share this story