नेपाल में बढ़ते तनाव और सामाजिक सद्भाव के खतरे पर सभी दल एकजुट हों : रवि लामिछाने

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में बढ़ते तनाव और सामाजिक सद्भाव के खतरे पर सभी दल एकजुट हों : रवि लामिछाने


काठमांडू, 29 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने कहा है कि देश में हाल ही में घटी घटनाओं और सामाजिक सद्भाव बिगड़ने के खतरे को देखते हुए सभी राजनीतिक दलों को जिम्मेदार होकर एक साथ खड़ा होना चाहिए।

सर्वदलीय बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अध्यक्ष लामिछाने ने कहा कि देश में सांप्रदायिक विद्वेष को रोकने के लिए सभी दलों के बीच एक साझा सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि कोई भी सांप्रदायिक गतिविधि से किसी को भी फायदा नहीं होगा। ऐसी घटनाएं होने पर हम सभी राजनीतिक दलों को एक ही मंच पर खड़े होना चाहिए, ऐसा हमने महसूस किया है।

एक युवक की मौत की घटना को लेकर पूछे गए सवाल पर लामिछाने ने इसे 'बेहद गंभीर विषय' बताते हुए कहा कि सुरक्षा निकायों को इसके प्रति जिम्मेदार होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि घटना वास्तव में क्या हुई है, इसका सत्य और तथ्य सामने आने में समय लगता है। अभी से तरह-तरह की अफवाहों और साजिशों के पीछे भागने के बजाय, हम जिम्मेदार प्रशासन द्वारा की जाने वाली निष्पक्ष जांच के इंतजार में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दोषी लोगों को कानून के कठघरे में लाया जाना चाहिए और सरकार को इसमें कोई देरी नहीं करनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story