नेपाल की जनता को नुकसान देने वाले फैसले रातोंरात बदले जाएंगे : लामिछाने
काठमांडू, 19 जुलाई (हि.स.)। नेपाल में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने कहा है कि यदि सरकार के किसी फैसले से जनता को बड़ा नुकसान होता है, तो उसे रातोंरात बदला जा सकता है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि यह कोई अपरिवर्तनीय नीति नहीं है। जरूरत पड़ने पर बदलाव किया जाएगा। सरकार को थोड़ा समय और धैर्य दीजिए।
लामिछाने ने कहा कि सरकार जिस उद्देश्य से निर्णय लेती है, यदि वही निर्णय जनता के लिए नुकसानदायक साबित होता है, तो उसे बदला जाएगा। इसमें चिंता की कोई बात नहीं है, लेकिन हमें सरकार को थोड़ा समय देना होगा। उन्होंने आगे कहा कि कई बार किसी नीति को लागू करने के दौरान व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आती हैं। यदि किसी निर्णय से व्यापक नुकसान होता है, तो उसे तत्काल बदलना आवश्यक हो जाता है।
पार्टी के सांसदों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रविवार को सीमा क्षेत्र के लोगों को सरकार के हालिया फैसलों, विशेषकर 100 रुपये की सीमा और अन्य प्रावधानों के कारण हो रही परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने इन मुद्दों के समाधान के लिए रवि लामिछाने से पहल करने का आग्रह किया।कार्यकर्ताओं की शिकायतें सुनने के बाद लामिछाने ने प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह का बचाव करते हुए कहा कि सरकार की मंशा गलत नहीं है। उन्होंने कहा, निर्णयों में गलती हो सकती है और उन्हें सुधारा जा सकता है, लेकिन यदि नीयत ही खराब हो, तो उसे सुधारना कठिन होता है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसानों के हित में लिया गया कोई निर्णय व्यवहार में किसानों के ही खिलाफ साबित होता है, तो उसमें सुधार किया जा सकता है। लामिछाने ने कहा कि नेतृत्व किसी विशेष उद्देश्य से निर्णय लेता है, लेकिन उसके क्रियान्वयन के दौरान चुनौतियां आ सकती हैं। उन्होंने कहा कि चुनौतियों के आधार पर यह निष्कर्ष निकालना सही नहीं है कि सब कुछ खत्म हो गया। यदि कोई भी सरकारी नीति किसानों, मजदूरों, गरीबों या वंचित वर्ग के लिए परेशानी का कारण बनती है, तो उसे बदला जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

