नेपाल के सत्तारूढ़ दल के सांसद ने जताई सरकार के कामकाज पर गंभीर नाराजगी
काठमांडू, 30 जुलाई (हि.स.)। नेपाल के सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के सांसद बुद्धि प्रसाद पंत ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर असंतोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जेन जी आंदोलन की नींव और परिवर्तन के नारे के साथ बनी वर्तमान सरकार जनता की उम्मीदों के अनुसार काम करने में विफल रही है।
प्रतिनिधि सभा की गुरुवार को बैठक में सांसद पंत ने कहा कि सरकार में शामिल दल का सांसद होने के बावजूद वे खुद भी किसी ठोस बदलाव का अनुभव नहीं कर पाए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि परिवर्तन के नारे पर बनी इस सरकार में जब मैं खुद बदलाव महसूस नहीं कर पा रहा हूँ, तो आम जनता बदलाव का अनुभव कैसे कर सकती है? सांसद पंत ने अस्पताल में डॉक्टरों के साथ हुई मारपीट और देशभर के स्वास्थ्यकर्मियों के विरोध प्रदर्शन के कारण आम जनता को इलाज न मिल पाने के मुद्दे पर संसद का ध्यान आकर्षित कराया।
बीते शनिवार को बीरगंज के नारायणी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद तनाव फैल गया था। इस दौरान डॉक्टरों के साथ हाथापाई हुई, जिसके विरोध में देशभर के डॉक्टर आंदोलित हो गए।
सांसद पंत ने इस घटना की सूक्ष्म जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और यदि कोई निर्दोष व्यक्ति गिरफ्तार हुआ है, तो उसे तुरंत रिहा करने की मांग की। सांसद पंत ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार को जनभावनाओं के अनुरूप अपनी कार्यशैली में सुधार लाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

