पार्टी अध्यक्ष का निर्देश- नेपाल में सत्तारूढ़ दल के सांसद अनावश्यक न जाएं मंत्रालय

WhatsApp Channel Join Now
पार्टी अध्यक्ष का निर्देश- नेपाल में सत्तारूढ़ दल के सांसद अनावश्यक न जाएं मंत्रालय


काठमांडू, 10 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल की सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने शुक्रवार को पार्टी के सांसदों और नेताओं को सख्त निर्देश दिया है कि वे व्यक्तिगत हित या राजनीतिक लॉबिंग के लिए सिंहदरबार स्थित सरकारी मंत्रालयों में अनावश्यक जाना बंद करें।

आरएसपी की संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए लामिछाने ने सांसदों को रिश्तेदारों और सहयोगियों के लिए नियुक्ति या सुविधा मांगने से भी आगाह किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का सत्ता तक पहुंचना “जेन-ज़ी” मतदाताओं के बलिदान का परिणाम है, इसलिए जनप्रतिनिधियों को पारंपरिक भाई-भतीजावाद, नातावाद कृपावाद में शामिल होने के बजाय उस जनादेश का सम्मान करना चाहिए।

पार्टी के प्रवक्ता मनीष झा के अनुसार आरएसपी ने शिकायत निवारण को संस्थागत बनाने के लिए एक नया ड्यूटी कैलेंडर लागू किया है। इसके तहत हर दिन एक केंद्रीय समिति सदस्य और एक सांसद पार्टी कार्यालय में मौजूद रहेंगे, ताकि आम जनता की समस्याओं को सुना जा सके और मंत्रालयों में भीड़ कम की जा सके। झा ने कहा कि सांसदों और मंत्रियों को सरकारी कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ लगाने से बचने के निर्देश दिए गए हैं।”

संसदीय सत्र के स्थगन के साथ ही लामिछाने ने सांसदों को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लौटकर स्थानीय समन्वय और विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश भी दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story