नेपाल के बाढ़ पीड़ितों को ब्रह्माकुमारी राजयोग सेवा केंद्र ने दिए 1.01 करोड़ रुपये

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल के बाढ़ पीड़ितों को ब्रह्माकुमारी राजयोग सेवा केंद्र ने दिए 1.01 करोड़ रुपये


काठमांडू, 08 सितंबर (हि.स.)। नेपाल के बाढ़ पीड़ितों के लिए ब्रह्माकुमारी राजयोग सेवा केंद्र ने 1 करोड़ 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। प्रभावित समुदायों के पुनर्निर्माण और पुनर्वास के लिए यह राशि प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा की गई है। केंद्र की ओर से राजयोगिनी दीदी किरण ने वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले को चेक सौंपा।

इस बीच, ब्रह्माकुमारी नेपाल ने बाढ़ में जान गंवाने वालों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम भी आयोजित किया। ललितपुर के सातदोबाटो स्थित वीरेंद्र अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग कॉम्प्लेक्स के हॉल में आयोजित कार्यक्रम में एक हजार से अधिक राजयोगी तपस्वी प्रजापिता ब्रह्माकुमारी और ब्रह्माकुमार शामिल हुए।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने ‘ॐ’ ध्वनि के साथ योग-तपस्या, मौन धारण और दीप प्रज्वलित कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही शोक संतप्त परिवारों की शांति और धैर्य के लिए प्रार्थना भी की गई।

रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से रसुवा, नुवाकोट के त्रिशूली और देवीघाट तथा धादिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारी जन-धन की क्षति हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story