नेपाल में आई भीषण बाढ़, 105 भारतीयों समेत 400 पर्यटक लापता, कई लोगों की मौत की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में आई भीषण बाढ़, 105 भारतीयों समेत 400 पर्यटक लापता, कई लोगों की मौत की आशंका


काठमांडू, 26 अगस्त (हि.स.)। नेपाल की भोटेकोशी नदी में बुधवार सुबह अचानक आई भीषण बाढ़ में 105 भारतीयों समेत 400 से ज्यादा पर्यटक लापता हो गए हैं। हादसे में कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। सेना, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं।

नेपाल में बुधवार सुबह करीब साढ़े 08 बजे तिब्बत सीमा से लगे इलाके में रासुवा की भोटे कोशी नदी में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार तिब्बत की ओर से किसी हिमनद झील (ग्लेशियल लेक) के फटने या जलस्तर में अचानक भारी वृद्धि के कारण यह बाढ़ आई है। इस भीषण बाढ़ से पूरे इलाके में भारी तबाही हुई है। कई गांव, सड़कें और पुल इस दौरान बह गए।कई हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट को भी काफी नुकसान हुआ है। नेपाल पर्यटन बोर्ड, पर्यटक पुलिस और अन्य संबंधित निकाय प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद पर्यटकों की खोज और बचाव के लिए समन्वय कर रहे हैं।

हादसे के बाद से अधिकृत तौर पर 384 पर्यटक लापता हैं। नेपाल पर्यटन बोर्ड के मुताबिक लापता लोगों में 105 भारतीय पर्यटक हैं। बोर्ड ने 384 यात्रियों के लापता होने की पहचान की है। इनमें 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। काफी संख्या में लोगों की मौत की भी आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक ट्रेकर्स सोसाइटी के माध्यम से यात्रा पर गए 92 लोग और सम्राट टूर एंड ट्रैवल्स के माध्यम से गए 71 लोग लापता हैं। इसके अलावा लीफ होलिडे के 55, हिमालयन ग्लेशियर के 52 पर्यटकों समेत अन्य एजेंसियों के माध्यम से यात्रा कर रहे लोग भी लापता हैं।

लापता विदेशी पर्यटकों में भारत, ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड्स, अमेरिका, मलेशिया, ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका के नागरिक शामिल हैं। बोर्ड ने बताया कि कुछ लापता पर्यटकों की राष्ट्रीयता की जानकारी अभी प्राप्त नहीं हो सकी है।

पर्यटन बोर्ड स्थानीय प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियों और ट्रेकिंग गाइडों के साथ समन्वय कर लापता लोगों से संबंधित आंकड़ों का सत्यापन कर रहा है। साथ ही, प्रभावित क्षेत्रों में खोज एवं बचाव अभियान को तेज करने का प्रयास जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story