नेपाल में एमबीए प्रश्न पत्र लीक होने का मामला गरमाया, विश्वविद्यालय के डीन से इस्तीफे की मांग

WhatsApp Channel Join Now

काठमांडू, 26 जुलाई (हि.स.)। नेपाल में भी एमबीए का प्रश्नपत्र लीक होने का मामला उजागर होने के साथ ही इसके खिलाफ छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया है। साथ ही प्रश्नपत्र लीक मामले में विश्वविद्यालय के डीन के इस्तीफे की मांग की जा रही है।

देश के सबसे पुराने त्रिभुवन विश्वविद्यालय (टीयू) के स्वतन्त्र विद्यार्थी यूनियन ने एमबीए के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में दो दिनों के भीतर जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही यूनियन ने मांग की है कि प्रबंधन संकाय के डीन और परीक्षा देखने वाले सहायक डीन को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

स्वतंत्र विद्यार्थी यूनियन के अध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा, परीक्षा की निष्पक्षता और विश्वविद्यालय की गरिमा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। दो दिनों के भीतर घटना की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सार्वजनिक की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र कैसे लीक हुआ और इसमें किसकी संलिप्तता थी, इस विषय पर जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। जोशी ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो प्रबंधन संकाय के डीन और परीक्षा देखने वाले सहायक डीन को इस्तीफा देना होगा।

पुलिस ने प्रश्नपत्र लीक करने के आरोप में आज ही दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। इस विषय की जांच के लिए एक समिति का गठन भी किया जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story