नेपाल के सिरहा जिले में कस्टम कार्यालय बंद करने का विरोध

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल के सिरहा जिले में कस्टम कार्यालय बंद करने का विरोध


काठमांडू, 09 मई (हि.स.)। नेपाल के सीमावर्ती सिरहा जिले के बरियारपट्टी में कस्टम कार्यालय को पुनः बहाल करने की मांग को लेकर स्थानीय निवासी, व्यापारी तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि आंदोलन कर रहे हैं। इसके तहत हुलाकी राजमार्ग पर रैली और नुक्कड़ सभा आयोजित की गई।

बालेन्द्र शाह की सरकार ने भारत के सीमावर्ती नेपाल के सिरहा जिले के बरियारपट्टी छोटी कस्टम कार्यालय बंद करने का निर्णय लिया था। सरकार ने यह बात राजपत्र में भी प्रकाशित की थी, जिसका विरोध हो रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस निर्णय से सीमावर्ती क्षेत्र के व्यापार, राजस्व संग्रह तथा स्थानीय आर्थिक गतिविधियों पर सीधा असर पड़ेगा।

प्रदर्शन कर रहे लोगों के द्वारा परिक्रमा रैली के साथ नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए मधेश प्रदेश के विधायक एवं पूर्व मंत्री संजय यादव ने कहा कि देश की प्रमुख आय का स्रोत राजस्व संग्रह है और कानून के अनुसार राजस्व संग्रह करना राज्य की जिम्मेदारी है। जनता को आवश्यकता अनुसार सेवा-सुविधाएं उपलब्ध कराना भी राज्य का दायित्व है। उनका कहना था कि बरियारपट्टी जनसंख्या और व्यापारिक गतिविधियों के हिसाब से तेजी से विकसित हो रहा क्षेत्र है। यदि इसे व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाए, तो यह नाका अन्य सीमावर्ती नाकों से बड़ा तथा राजस्व संग्रह में अग्रणी बन सकता है।

उन्होंने सरकार के निर्णय को “राजनीतिक प्रतिशोध और गलत नीति” बताया। सांसद यादव ने आरोप लगाया कि जिस समय राज्य को सेवाओं का विस्तार करना चाहिए, उस समय उल्टे जनता की सेवाएं कम कर उन्हें दंडित किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि सिरहावासी ऐसे कदम को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कस्टम कार्यालय बंद कर नीतिगत भ्रष्टाचार करना चाहती है। उन्होंने आंदोलनकारियों से आंदोलन को और सशक्त रूप से आगे बढ़ाने की अपील की।

इसी तरह आज सड़क जाम और बाजार बंद कर आंदोलन जारी रखा गया। स्थानीय एवं छात्र नेता दिपेन्द्र यादव ने बताया कि घोषित कार्यक्रम के तहत पूरे दिन बाजार बंद रहेगा और मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जबकि रविवार से अनिश्चितकालीन आम हड़ताल की तैयारी के लिए व्यापक चर्चा की जाएगी।

शनिवार सुबह से ही बरियारपट्टी चौक पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क के बीचोंबीच बेंच रखकर हुलाकी मार्ग अवरुद्ध कर दिया। सड़क अवरुद्ध होने से पूर्व-पश्चिम आवागमन प्रभावित हुआ है, जबकि भारत से नेपाल आने-जाने वाले यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story