भारत के साथ कूटनीतिक वार्ता के जरिए सीमा विवाद सुलझाने को नेपाल प्रतिबद्ध

WhatsApp Channel Join Now
भारत के साथ कूटनीतिक वार्ता के जरिए सीमा विवाद सुलझाने को नेपाल प्रतिबद्ध


काठमांडू, 04 मई (हि.स.)। नेपाल ने फिर एक बार अपने संविधान में मान्यता दिए गए नक़्शे के अनुसार लिम्पियाधुरा, लिपुलेख और कालापानी को नेपाल का अभिन्न भू-भाग बताया है। सरकार ने भारत के साथ सीमा विवाद को संवाद के माध्यम से सुलझाने की बात कही है।

सोमवार को कैबिनेट की बैठक के बाद सरकार के प्रवक्ता सस्मित पोखरेल ने कहा कि नेपाल भारत के साथ सीमा सहित सभी समस्याओं का समाधान कूटनीतिक संवाद के जरिए ही सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध है। नेपाल का पक्ष रखते हुए सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि नेपाल के संविधान में जिस नक्शा को मान्यता दी गई है, जिसके अनुसार लिम्पियाधुरा, लिपुलेख और कालापानी नेपाल के अभिन्न भू-भाग हैं। इस संबंध में सरकार पहले ही अपनी स्पष्ट धारणा सार्वजनिक कर चुकी है।

नेपाली भूमि लिपुलेख के रास्ते कैलाश मानसरोवर जाने मार्ग को भारत और चीन द्वारा खोलने के बाद नेपाल ने अपनी आपत्ति दर्ज की है। आज हुई मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए प्रवक्ता पोखरेल ने कहा कि नेपाल सरकार के विदेश मंत्री पहले ही आधिकारिक नोट जारी कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने भी इस मुद्दे का समाधान आपसी सहयोग से निकालने की बात कही है।

प्रवक्ता ने जोर देकर कहा कि विवादित क्षेत्र नेपाल का ही भू-भाग है, जिस पर सरकार की प्रतिबद्धता स्पष्ट है। आगे का समाधान दोनों देशों के बीच सहयोग और संवाद के माध्यम से ही संभव है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story