नेपाल के प्रधानमंत्री ने संस्कृत श्लोक के जरिए दी नेपाली नव वर्ष की बधाई

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल के प्रधानमंत्री ने संस्कृत श्लोक के जरिए दी नेपाली नव वर्ष की बधाई


काठमांडू, 14 अप्रैल (हि.स.)। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने बैसाखी पर्व से शुरू होने वाले नेपाली नव वर्ष विक्रम संवत 2083 के अवसर पर संस्कृत के श्लोक के माध्यम से सभी नागरिकों को बधाई देते हुए सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

प्रधानमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः। सर्वे भद्राणि पश्यन्तु, मा कश्चिद् दुःखभाग् भवेत्॥’’

इस श्लोक का भावार्थ स्पष्ट करते हुए उन्होंने सभी के जीवन में सुख, आरोग्य और कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि सदैव शुभ हो, जीवन निर्विघ्न रहे और दुःख का नाश हो। उन्होंने नववर्ष 2083 के इस पावन अवसर पर सभी को सुख, शांति और समृद्धि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

नववर्ष के पहले दिन आज देश के राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि तथा विशिष्ट व्यक्तित्व सोशल मीडिया के माध्यम से देश और विदेश में रह रहे नेपाली नागरिकों को शुभकामनाएं दे रहे हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री शाह ने भी संस्कृत श्लोक के माध्यम से सभी के कल्याण की कामना की है।

उल्लेखनीय है कि नेपाली नव वर्ष पूरे देश में पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है। लोग मंदिरों में पूजा करते हैं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ नए साल का स्वागत करते हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story