नए प्रधानमंत्री के शपथ से पहले अंतरिम प्रधानमंत्री ने सरकारी आवास खाली किया
काठमांडू, 24 मार्च (हि.स.)। नेपाल में नई सरकार के शपथग्रहण से तीन दिन पहले अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने अपना सरकारी आवास आज खाली कर दिया।
बालुवाटार स्थित सरकारी निवास से लगभग सभी सामान अपने निजी निवास धापासी में स्थानांतरित कर दिए हैं। शुक्रवार को नए प्रधानमंत्री का राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण होने के बाद वह स्वतः पदमुक्त हो जाएंगी और वहीं से अपने निजी निवास के लिए रवाना होंगी।
प्रधानमंत्री कार्की के प्रेस सलाहकार रामबहादुर रावल के अनुसार, अब बालुवाटार में केवल दो-तीन दिन के लिए आवश्यक सामान ही बाकी है। उन्होंने बताया कि “13 तारीख को नए शपथग्रहण के तुरंत बाद राष्ट्रपति भवन से ही वह धापासी शिफ्ट हो जाएंगी।” उनके मुताबिक, सामान स्थानांतरण का काम एक सप्ताह पहले से ही शुरू कर दिया गया था जो मंगलवार को पूरा हो गया।
उन्होंने यह भी कहा कि नए प्रधानमंत्री शपथ लेने के तुरंत बाद सीधे सरकारी आवास बालुवाटार आ सके इसके लिए निवास को पूरी तरह खाली कर दिया गया है। “यदि नए प्रधानमंत्री आज से ही अपना सामान लाना चाहें, तो वह आज ही अपने घर जाने के लिए तैयार हैं,” रावल ने बताया।
धापासी स्थित प्रधानमंत्री का निजी घर पिछले कुछ महीनों से खाली था, जिसके कारण उसकी साफ सफाई के बाद रहने के लिए पूरी तरह तैयार है।
प्रधानमंत्री के पति दुर्गा सुवेदी भी अब तक बालुवाटार में ही रह रहे थे। घर की सफाई और सामान व्यवस्थित करने के कारण पिछले एक सप्ताह से वे धापासी और बालुवाटार के बीच लगातार आना-जाना कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

