बालेन्द्र शाह को तिब्बत के निर्वासित सरकार के प्रधानमंत्री ने भेजा बधाई संदेश

WhatsApp Channel Join Now
बालेन्द्र शाह को तिब्बत के निर्वासित सरकार के प्रधानमंत्री ने भेजा बधाई संदेश


काठमांडू, 29 मार्च (हि.स.)। तिब्बत की निर्वासित सरकार के प्रधानमंत्री पेनपा त्सेरिंग ने नेपाल के नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने केंद्रीय तिब्बती प्रशासन और तिब्बती जनता की ओर से यह बधाई संदेश भेजा।

अपने संदेश में उन्होंने लिखा, “हाल ही में संपन्न जेन-जी नेतृत्व वाले आंदोलन के बाद सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री के रूप में आपका उदय नेपाल की जनता, विशेषकर युवा पीढ़ी की आकांक्षाओं का सशक्त प्रतीक है।”

पत्र में आगे कहा गया है, “नेपाल और तिब्बत के बीच पीढ़ियों से गहरे ऐतिहासिक और आध्यात्मिक संबंध रहे हैं। तिब्बत के जबरन अधिग्रहण के बाद शरण लेकर नेपाल में बसे तिब्बती समुदाय ने अपनी पहचान बनाए रखते हुए नेपाल की सामाजिक और आर्थिक संरचना में लंबे समय से योगदान दिया है, जिससे ये संबंध और मजबूत हुए हैं। यह सब नेपाल सरकार और नेपाली जनता की उदारता के कारण संभव हुआ है, जिसके लिए हम गहरी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।”

उन्होंने अंत में कहा, “कृपया मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं स्वीकार करें। नेपाल के इतिहास के इस महत्वपूर्ण क्षण में आपके नेतृत्व में सफलता की कामना करता हूं। आपके सक्षम नेतृत्व में हमारे लोगों के बीच की मित्रता और सुदृढ़ होगी तथा नेपाल प्रगति, समृद्धि और सकारात्मक परिवर्तन की ओर आगे बढ़ेगा—ऐसी आशा है।”

पेनपा त्सेरिंग वर्तमान में भारत के धर्मशाला में निर्वासन में रह रहे हैं क्योंकि चीन में उन पर प्रतिबंध है। वे लंबे समय तक तिब्बती संसद के सदस्य रहे हैं और सभामुख के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story