नेपाली कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की सदन में अनुपस्थिति पर आपत्ति जताई, स्पीकर से हस्तक्षेप का अनुरोध
काठमांडू, 13 मई (हि.स.)। नेपाल की प्रमुख विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस के प्रमुख सचेतक निश्कल राई ने प्रधानमंत्री की सदन में अनुपस्थिति पर आपत्ति जताते हुए स्पीकर से इस संबंध में रूलिंग लाने की मांग की है।
प्रतिनिधि सभा की बुधवार को हुई बैठक में नेपाली कांग्रेस के प्रमुख सचेतक निश्कल राई ने प्रधानमंत्री की सदन में अनुपस्थिति पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री को स्वयं सदन में पेश नीति तथा कार्यक्रम पर उठे सवालों का जवाब देने के लिए उपस्थित होना चाहिए। राई ने कहा कि कल भी हमने प्रधानमंत्री की सदन में उपस्थिति की मांग की थी और आज भी स्थिति वही है। नीति तथा कार्यक्रम पर उठे प्रश्नों का जवाब देने का कार्यसूची में उल्लेख है, लेकिन प्रधानमंत्री सदन में मौजूद नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि संसद की गरिमा बनाए रखने की जिम्मेदारी स्पीकर की है और प्रधानमंत्री को रूलिंग के माध्यम से सदन में बुलाया जाना चाहिए।राई ने कहा कि सदन की गरिमा और सम्मान बनाए रखने की भूमिका स्पीकर की होती है। आप हमारे नेता भी हैं। यदि आप ही सदन की गरिमा की रक्षा नहीं करेंगे, तो कोई और भी ऐसा नहीं कर सकेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि महाभियोग के अलावा अन्य परिस्थितियों में संसद में न्यायाधीशों और न्यायपालिका पर बहस नहीं की जा सकती। सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी के उपनेता गणेश पराजुली की ओर से मंगलवार को न्यायाधीशों की आलोचना किए जाने पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया। साथ ही स्पीकर से असंवैधानिक गतिविधियों को रोकने की दिशा में ध्यान देने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

