बालेन्द्र शाह के भारत दौरे पर नेपाल फिर उठाएगा धामरा और मुंद्रा बंदरगाह तक पहुंच का मुद्दा
काठमांडू, 18 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा के दौरान नेपाल तीसरे देशों के साथ आयात-निर्यात के लिए एक बार फिर भारत के ओडिशा और गुजरात स्थित दो बंदरगाहों तक पहुंच देने का मुद्दा उठाने की तैयारी कर रहा है। भारत ने वर्ष 2019 में ओडिशा के धामरा और गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह का इस्तेमाल तीसरे देशों के साथ व्यापार के लिए करने पर सहमति दी थी। हालांकि, अब तक इस सहमति को लागू करने के लिए व्यापार एवं पारगमन संधि में संशोधन नहीं हो सका है।
इस बार नेपाल आयात-निर्यात को सुगम बनाने के उद्देश्य से भारत से इन दोनों बंदरगाहों तक पहुंच देने की मांग फिर से उठाने जा रहा है। नेपाल का निजी क्षेत्र लंबे समय से कहता आ रहा है कि धामरा और मुंद्रा दोनों बंदरगाहों का प्रबंधन निजी क्षेत्र के अडानी समूह के पास होने के कारण इनके माध्यम से अंतरराष्ट्रीय व्यापार करना अधिक सुविधाजनक होगा। प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के एजेंडे को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में व्यस्त विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने कहा, हम बंदरगाहों के अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराने के लिए यह मांग उठाने की तैयारी कर रहे हैं।
फिलहाल नेपाल तीसरे देशों के साथ व्यापार के लिए भारत के कोलकाता, हल्दिया और विशाखापत्तनम बंदरगाहों का इस्तेमाल कर रहा है। नेपाल पश्चिम बंगाल के कोलकाता और हल्दिया बंदरगाहों को एक ही बंदरगाह व्यवस्था के रूप में देखता है। इसकी वजह यह है कि दोनों बंदरगाह एक ही समुद्री मार्ग पर स्थित हैं। कोलकाता में छोटे जहाज आते हैं, जबकि हल्दिया में बड़े जहाजों को लाया जाता है। इसके अलावा नेपाल को आंध्र प्रदेश स्थित विशाखापत्तनम बंदरगाह के माध्यम से भी तीसरे देशों के साथ व्यापार करने की अनुमति है।
नेपाल लंबे समय से इन तीन बंदरगाहों के अलावा अन्य बंदरगाहों के इस्तेमाल की अनुमति मांगता रहा है। धामरा और मुंद्रा दोनों ही बंदरगाहों पर बड़े समुद्री जहाज पहुंच सकते हैं। नेपाल को इन बंदरगाहों तक पहुंच मिलने से सामान के आयात और निर्यात में समय तथा लागत दोनों की बचत हो सकती है। यदि भारत गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह तक नेपाल को पहुंच देता है तो दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों से होने वाली माल ढुलाई अधिक आसान हो जाएगी। वहीं, ओडिशा के धामरा बंदरगाह के इस्तेमाल से पश्चिम एशियाई देशों से सामान लाने में सुविधा होगी। वीरगंज से धामरा बंदरगाह की दूरी लगभग 950 किलोमीटर है।
कोलकाता बंदरगाह में समुद्र की गहराई कम होने के कारण बड़े मालवाहक जहाज सीधे नहीं पहुंच पाते। इसके चलते सामान की ढुलाई में अतिरिक्त समय और खर्च लगता है। इसके विपरीत, धामरा एक आधुनिक और गहरे समुद्र वाला बंदरगाह है, जहां बड़े मालवाहक जहाज सीधे पहुंच सकते हैं। यह विशाखापत्तनम की तुलना में नेपाल की सीमा के अधिक नजदीक भी है।
दूसरी ओर, मुंद्रा भारत के पश्चिमी तट पर स्थित एक बड़ा व्यावसायिक बंदरगाह है। यूरोप, मध्य पूर्व और अफ्रीका से आने वाले जहाज सीधे मुंद्रा पहुंच सकते हैं। इससे जहाजों को भारत के दक्षिणी हिस्से का चक्कर लगाकर कोलकाता या विशाखापत्तनम पहुंचने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस तरह समुद्री परिवहन में लगने वाले समय और खर्च की बचत हो सकती है। हालांकि, नेपाल से मुंद्रा बंदरगाह की दूरी लगभग 1,850 से 2,000 किलोमीटर है।
वाणिज्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, हमने कई विषयों को आगे बढ़ाया है, जिनमें बंदरगाहों का मुद्दा भी शामिल है। विदेश मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय यात्रा का एजेंडा तय करेंगे। इसलिए इस विषय पर अंतिम निर्णय वहीं से होगा। विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार, नेपाल इस मुद्दे को प्राथमिकता देने की तैयारी कर रहा है। मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि सोमवार को भारतीय राजदूत सुधाकर दलेला विदेश मंत्री शिशिर खनाल से शिष्टाचार मुलाकात करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें एक बार फिर दोनों बंदरगाहों तक नेपाल की पहुंच का मुद्दा याद दिलाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

