मंत्रियों की अनुपस्थिति पर नेपाली प्रतिनिधि सभा की बैठक स्थगित

WhatsApp Channel Join Now
मंत्रियों की अनुपस्थिति पर नेपाली प्रतिनिधि सभा की बैठक स्थगित


काठमांडू, 16 जून (हि.स.) नेपाल की संसद की प्रतिनिधि सभा की मंगलवार को बैठक में संघीय सरकार के संबंधित मंत्रियों की अनुपस्थिति के कारण उनके विभागों के बजट प्रस्तावों पर चर्चा नहीं हो सकी और सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

मंगलवार को प्रतिनिधि सभा में नौ मंत्रालयों के बजट पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान नेपाली कांग्रेस के सांसद गोपाल शर्मा ने नियमावली का हवाला देते हुए आपत्ति दर्ज कराई। इस पर अध्यक्ष डोलप्रसाद अर्याल ने सांसद शर्मा को बोलने की अनुमति प्रदान की।

शर्मा ने प्रतिनिधि सभा नियमावली के नियम 6 की उपधारा (5) का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी मंत्रालय से संबंधित विषय पर सदन में चर्चा के दौरान संबंधित मंत्री की उपस्थिति अनिवार्य है। सांसद शर्मा ने कहा, “नियमावली के नियम 6(5) के अनुसार संसद में किसी मंत्रालय के विषय पर चर्चा कराए जाने के समय संबंधित मंत्री की उपस्थिति आवश्यक है।” उन्होंने यह भी ध्यान दिलाया कि बैठक में केवल तीन मंत्री ही मौजूद हैं।

मंगलवार की बैठक में केवल भौतिक अवसंरचना मंत्री सुनिल लम्साल, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवप्रवर्तन मंत्री महावीर पुन तथा ऊर्जा मंत्री विराजभक्त श्रेष्ठ उपस्थित थे। शर्मा ने कहा, “सरकार को लगातार संसद की उपेक्षा नहीं करनी चाहिए। सदन का संचालन नियमावली के अनुसार किया जाए। मैं संबंधित मंत्रियों को सदन में बुलाने के लिए अध्यक्ष से व्यवस्था देने की मांग करता हूं।”

इसके बाद अध्यक्ष डोल प्रसाद अर्याल ने प्रतिनिधि सभा की कार्यवाही स्थगित कर दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story