नेपाल के पांचथर में बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल के पांचथर में बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही


नेपाल के पांचथर में बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही


काठमांडू, 23 मई (हि.स.)। नेपाल के पाँचथर जिले में बाढ़ और भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है। शनिवार सुबह आई बाढ़ के कारण सड़क, पुल, खेती योग्य जमीन और घरों को क्षति पहुंची है।

मध्यपहाड़ी लोकमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। ओयाम बाजार के पास भूस्खलन हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार फलैचा और च्याङथापु के विभिन्न स्थानों पर खेत बह गए हैं। च्याङथापु में दो घरों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी मिली है।

पाँचथर से ताप्लेजंग जाने वाले मार्ग पर इन्द्रावती नदी के पुल को क्षति पहुंची है। इसी तरह तमोर कॉरिडोर के निर्माणाधीन लिम्बुनी पुल को भी नुकसान हुआ है।

पड़ोसी जिला ताप्लेजुंग के सिदिङबा क्षेत्र में भी बाढ़ और भूस्खलन से नुकसान होने की बात स्थानीय लोगों ने बताई है। कावेली और तमोर नदियों में बाढ़ आ गई है।

पाँचथर के पुलिस प्रमुख डीएसपी अनिश कर्ण ने जानकारी दी कि बाढ़ और भूस्खलन से सड़क, पुल और फसलों को नुकसान पहुंचने की खबरें मिली हैं तथा क्षति का विवरण एकत्र करने का काम जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story