नेपाल के विपक्षी दल प्रधानमंत्री के सदन में न आने तक संसद रोकने पर अड़े
काठमांडू, 14 मई (हि.स.)। नेपाल के विपक्षी दल प्रधानमंत्री के सदन में न आने तक संसद रोकने पर अड़ गए हैं। मुख्य विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के प्रतिनिधि सभा में न आने तक विरोध जारी रहेगा। पार्टी ने गुरुवार को भी संसद में प्रदर्शन जारी रखा।
प्रतिनिधि सभा की बैठक में पार्टी के मुख्य सचेतक निष्कल राई ने कहा कि प्रधानमंत्री के संसद में उपस्थित होने तक विपक्ष अपना अवरोध जारी रखेगा। राई ने स्पीकर डोल प्रसाद आर्याल से प्रधानमंत्री की सदन में उपस्थिति सुनिश्चित कराने में भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आप हमारे अभिभावक और संसद के संरक्षक हैं। आपको इस विषय को गंभीरता से लेना चाहिए।
प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति पर सवाल उठाते हुए राई ने कहा कि संसद की अनदेखी केवल लापरवाही नहीं, बल्कि संसदीय व्यवस्था के प्रति उदासीनता को दर्शाती है। उन्होंने सत्तारूढ़ दल के सांसदों की भी आलोचना करते हुए कहा कि वे इस मुद्दे को सामान्य साबित करने की कोशिश कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

