सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों की बैठक आज, प्रेस की आजादी और संविधान पर हमले के मुद्दे पर होगी चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों की बैठक आज, प्रेस की आजादी और संविधान पर हमले के मुद्दे पर होगी चर्चा


काठमांडू, 02 नवंबर (हि.स.)। नेपाल की प्रमुख विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस ने सरकार की मनमानी, प्रेस की स्वतंत्रता पर हस्तक्षेप और संविधान पर हमले समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए विपक्षी दलों की बैठक बुलाई है।

कांग्रेस संसदीय दल के नेता भीष्मराज आङ्देम्बे के आह्वान पर साेमवार दोपहर एक बजे सिंहदरबार स्थित संसदीय दल के कार्यालय में बैठक होगी। बैठक में नेकपा एमाले, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी), श्रम संस्कृति पार्टी (एसएसपी) और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (आरपीपी) को आमंत्रित किया गया है।

आङ्देम्बे के अनुसार, बैठक में सरकार की जवाबदेही, सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) की भूमिका, पत्रकारों की गिरफ्तारी और मीडिया संस्थानों में पुलिस की तैनाती जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा विभिन्न घटनाओं की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

वहीं, आज नेपाली कांग्रेस संसदीय दल की बैठक भी होगी। सिंहदरबार स्थित पार्टी कार्यालय में यह बैठक सोमवार सुबह 11:30 बजे निर्धारित है। बैठक में वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और समसामयिक मुद्दों पर चर्चा होने की बात कही गई है।

रविवार को ही कांग्रेस सभापति गगनकुमार थापा ने सरकार को लेकर पार्टी का रुख सार्वजनिक किया था। इस दौरान उन्होंने सरकार के संचालन को लेकर कई सवाल उठाए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770799 Articles

Share this story