नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री ओली ने मानवाधिकार आयोग से जेन जी घटनाओं की जांच रिपोर्ट और सभी दस्तावेज मांगे
काठमांडू, 27 जून (हि.स.)। नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को पत्र लिख कर पिछले वर्ष ८ और ९ सितंबर को हुए जेन जी घटनाओं से संबंधित जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की है। ओली ने मानवाधिकार आयोग द्वारा तैयार जांच और अनुसंधान प्रतिवेदन, निर्णय तथा उससे जुड़े सभी दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए आयोग में औपचारिक आवेदन दर्ज कराया है।
पार्टी के नेता महेश बर्तौला ने जानकारी दी कि उन्होंने शुक्रवार को ललितपुर के पुल्चोक स्थित राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सचिव मुरारी खरेल से मुलाकात कर ओली की ओर से यह आवेदन दर्ज कराया। ओली ने आयोग से उनके द्वारा गठित समिति की रिपोर्ट, रिपोर्ट में किए गए संशोधनों का विवरण, उसके कारण और घटना से संबंधित सभी बयान एवं दस्तावेजों की प्रतियां उपलब्ध कराने की मांग की है।
ओली ने दावा किया है कि आयोग की बैठक के निर्णय में की गई सिफारिशें और उसके तथ्यात्मक आधार आपस में मेल नहीं खाते। इसी आधार पर उन्होंने सार्वजनिक किए गए निर्णय पर गंभीर संदेह जताया है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि जहां एक ओर यह निष्कर्ष निकाला गया कि ओली द्वारा किए गए कार्य कानून के विरुद्ध नहीं थे, दूसरी ओर ऐसे व्यक्ति के खिलाफ, जिसपर संविधान और कानून के अनुसार कार्रवाई संभव नहीं है, पश्चातदर्शी कानून बनाकर कार्रवाई की सिफारिश किए जाने की बात कही गई है, जो विश्वसनीय नहीं प्रतीत होती।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

