नेपालः प्रतिनिधि सभा के सदस्यों से शपथ ग्रहण समारोह में पारम्परिक वेशभूषा में पहुंचने का आग्रह
काठमांडू, 20 मार्च (हि.स.)। संघीय संसद सचिवालय ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधि सभा के सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के संबंध में एक अधिसूचना जारी की है।इसके अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह 26 मार्च को दोपहर दो बजे शुरू होगा। सभी नवनिर्वाचित सांसदों से आग्रह किया गया है कि वो अपने सांस्कृतिक और पारम्परिक वेशभूषा में शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित हों।
सचिवालय ने सभी नव निर्वाचित सांसदों से अनुरोध किया है कि वे सिंहदरबार स्थित निर्माणाधीन संघीय संसद भवन के बहुउद्देश्यीय सभाहल में दोपहर 2 बजे आयोजित समारोह में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। सांसदों को निर्देश दिया गया है कि वे समारोह शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले स्थल पर पहुंच जाएं।
सचिवालय ने सांसदों से यह भी अनुरोध किया है कि वे निर्वाचन आयोग नेपाल द्वारा जारी प्रमाणपत्र साथ लेकर समारोह में उपस्थित हों। इसके अलावा नेपाली नागरिकता का प्रमाण पत्र और साथ में दो पासपोर्ट साइज फोटो भी लाया गया है।
संसद सचिवालय ने सभी नवनिर्वाचित सांसदों से शपथग्रहण के दौरान अपनी अपनी मातृभाषा को प्राथमिकता देने को कहा गया है। सूचना में यह उल्लेख किया गया है कि जो भी सांसद अपनी मातृभाषा में शपथ लेना चाहते हैं वो इसकी जानकारी शपथग्रहण समारोह से तीन दिन पूर्व तक दे सकते हैं ताकि शपथ पत्र को उनकी अपनी मातृभाषा में अनुवाद कर उपलब्ध कराया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

